वाशरी प्रबंधन ने समझौता के तहत 31 हजार रुपये का दिया मुआवजा
प्रहरी संवाददाता/बोकारो। बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा क्षेत्र के कथारा कोल वाशरी रेलवे साइडिंग में खड़ी रैक से कोयला उतारने के क्रम में एक ग्रामीण की हाई वोल्टेज करंट लगने से मौत हो गयी। मृतक पेटरवार प्रखंड के हद में चांपी रहिवासी चालीस वर्षीय महेश्वर प्रजापति उर्फ बहिरा बताया जा रहा है।
मृतक राज मिस्त्री का काम करता था। सूचना पाकर पहुंचे कथारा ओपी प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह व् कथारा वाशरी सुरक्षा प्रभारी रामचंद्र मांझी द्वारा सूचना जीआरपी गोमियां को दी। जीआरपी प्रभारी द्वारा उनके क्षेत्राधिकार में नहीं होने की बात कहा गया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि 24 जनवरी की दोपहर लगभग एक बजे कथारा वाशरी का कोयला लदा रैक रेलवे कॉलोनी के समीप स्थित साइडिंग में खड़ी थी।
इस दौरान मृतक काम नहीं मिलने के कारण अपने घर लौटने के क्रम में रैक से कोयला उतारने की नियत से पोल क्रमांक 4/6 के समीप हथोड़ी रखकर रैक पर चढ़कर कोयला उतारने लगा। इस दौरान उपर से गुजर रहे 25 हजार वोल्ट बिजली तार के संपर्क में आने से उसकी मौके पर हीं दर्दनाक मौत हो गयी।दिल दहला देने वाली इस घटना की खबर फैलते ही आसपास के रहिवासी सहित सैकड़ों लोग वहां जमा हो गए थे।
घटना की जानकारी पाकर कथारा ओपी प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह व् सहायक अवर निरीक्षक केएन पाठक दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी गोमियां जीआरपी को दी। इधर मृतक के गांव में घटना की खबर पहुंचते ही वृद्ध पिता खिरोधर प्रजापति और ग्रामीण रहिवासी पहुंचकर मृतक की पहचान की।
मृतक के पिता ने बताया कि उसका बेटा कथारा मे राज मिस्त्री का काम करता था। वह कोई कोयला चोर नही था। कहा कि आज काम नही मिला और वह इसी रास्ते गांव लौट रहा था। रैक मे कोयला लोड देख वह जलावन के लिए कोयला उतारने रैक पर चढ़ा, तभी यह घटना घट गई। बताया कि मृतक के तीन छोटे छोटे बच्चे जिसमे दो पुत्र और एक पुत्री है।
घटना की सूचना पाकर कथारा वाशरी के रेलवे साइडिंग इंचार्ज राजू रविदास और रामेश्वर मंडल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। गोमियां जीआरपी प्रभारी कमलेश कुमार के घटना स्थल पर पहुंचने के बाद सबसे पहले बिजली कटवाई गई और रैक से शव को नीचे उतारा गया। इधर शव के नीचे उतरते ही ग्रामीणों ने कथारा वाशरी मुख्य मार्ग पर शव को रख सड़क जाम कर मुआवजा की मांग करने लगे।
जानकारी पाकर कथारा क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्मिक एवं प्रशासन जयंत कुमार और कार्मिक प्रबंधक गुरु प्रसाद मंडल घटना स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझने की कोशिश की, मगर ग्रामीण मृतक के आश्रित को मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे।
आखिरकार ओपी प्रभारी की पहल पर वार्ता सफल हुई और संध्या लगभग सात बजे प्रबंधन द्वारा मृतक के आश्रित को 31 हजार रुपया देने की सहमति के बाद शव उठाया गया। उक्त घटना रेलवे ट्रेक पोल क्रमांक 4/5 और 4/7 के बीच घटी।
ज्ञात हो कि कथारा वाशरी से कोयला लोड लेकर निकलने के बाद रैक में लोड कोयला चोरो के निशाने पर रहता है। आयेदिन रैक से कोयला उतारने का दृश्य यहां आम है। सीसीएल कथारा वाशरी भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से कोई कार्रवाई करती नजर नही आती। इधर सफल वार्ता के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट भेज दिया गया है।
![]()













Leave a Reply