Advertisement

मतदाता जागरूकता को लेकर निकली पदयात्रा, गूंजा मतदान अवश्य करें का संदेश

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आगामी 6 नवंबर को होनेवाले मतदान को लेकर वैशाली जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थाओं द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान के तहत 22 अक्टूबर को पदयात्रा का आयोजन किया गया।

इस क्रम में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर वैशाली के जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह – जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश के आलोक में मतदाता जागरूकता निकाली गयी। जिला मुख्यालय हाजीपुर के दिग्घी स्थित डायट परिसर से लेकर महुआ मोड़ तक भव्य पदयात्रा निकाली गई। बताया जाता है कि मतदाता जागरूकता पदयात्रा में डायट के प्रशिक्षु छात्रों, शिक्षकों तथा शिक्षा विभाग के कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जागरुकता कार्यक्रम का शुभारंभ वैशाली के जिला शिक्षा पदाधिकारी रविंद्र कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी शैल दास एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) प्रतिभा कुमारी गिरि द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। सभी अधिकारियों ने उपस्थित प्रतिभागियों को मतदान के महत्व की शपथ दिलाई और आगामी 6 नवंबर को शत-प्रतिशत मतदान करने का संकल्प दोहराया गया।

पदयात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने मतदान करें, लोकतंत्र को मजबूत करें, पहले मतदान, फिर जलपान, हर वोट जरूरी है, हर आवाज अहम है जैसे नारे लगाकर आमजन को मतदान के प्रति प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन भारत स्काउट एवं गाइड के जिला संगठन आयुक्त ऋतुराज ने किया।

इस अवसर पर डिएसओ शैल दास ने कहा कि लोकतंत्र की सच्ची मजबूती तभी संभव है जब हर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग निष्ठा और जिम्मेदारी से करे। कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य गांव-गांव एवं मोहल्लों में जाकर नागरिकों को जागरूक करना और मतदान प्रतिशत को बढ़ाना था। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के कई अधिकारी, प्रशिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *