Advertisement

जल जीवन मिशन के तहत प्रखंडों में जल सेवा मूल्यांकन हेतु ग्रामसभा का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। जल जीवन मिशन के तहत बोकारो जिले के विभिन्न प्रखंडों में 15 जनवरी को पेयजल आपूर्ति व्यवस्था के जल सेवा मूल्यांकन (जल सेवा आकलन) को लेकर ग्राम सभा का आयोजन किया गया।

ग्राम सभा में ग्रामीणों, जन प्रतिनिधियों एवं संबंधित पदाधिकारियों के बीच जल आपूर्ति, जल की गुणवत्ता तथा सेवा स्तर में सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बताया जाता है कि ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने नियमित जल आपूर्ति, पानी के दबाव, समयबद्ध आपूर्ति तथा जल की गुणवत्ता से संबंधित समस्याओं को साझा किया गया। बैठक में अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

आयोजित बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त किए गए। जिसमें जल संरचनाओं के रख-रखाव, समय पर मरम्मत, स्वच्छता एवं जल संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। ग्राम सभा में यह स्पष्ट किया गया कि जल जीवन मिशन की सफलता के लिए सामुदायिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। ग्रामीणों से जल स्रोतों की सुरक्षा, पानी के सदुपयोग एवं योजना की निगरानी में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।

बताया जाता है कि ग्राम सभा का आयोजन बोकारो जिला के हद में नावाडीह प्रखंड के बाराडीह पंचायत, गोमिया प्रखंड के हजारी पंचायत, पेटरवार प्रखंड के चांपी पंचायत, चास प्रखंड के ऋतुडीह – हैसाबातू – बांसगोरा में ग्राम सभा आयोजित किया गया। ग्राम सभा में पंचायत प्रतिनिधि, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, वास कोऑर्डिनेटर, यूनिसेफ सपोर्ट टीम, जल सहिया एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *