Advertisement

राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर बैठक का आयोजन

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। सर्वोच्च न्यायालय, झारखंड उच्च न्यायालय एवं बोकारो प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रदीप कुमार श्रीवास्तव (Pradeep kumar srivastava) के निर्देश पर आगामी 10 जुलाई को होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए 29 जून को तेनुघाट व्यवहार न्यायालय के जिला जज प्रथम राजीव रंजन की अगुवाई में एक बैठक की गई।

इस अवसर पर बैठक को संबोधित करते हुए विद्वान न्यायाधीश रंजन ने बताया कि आगामी 10 जुलाई को राष्ट्रीय लोक अदालत में बिजली विभाग, वन विभाग, उत्पाद विभाग, एनआई एक्ट, मोटरयान दुर्घटना, बैंक विभाग, जमीन संबंधित मामले, समझौता के आधार पर छोटे-मोटे फौजदारी मामले का निष्पादन किया जाएगा।

जिसके लिए मुकदमा के संबंधित दोनों पक्षों को न्यायालय के द्वारा नोटिस भेजा जा रहा है, ताकि वह अपने मामलों का निष्पादन न्यायालय में आकर करवा सके। उन्होंने कहा कि जिन्हें नोटिस मिले अन्यथा जिन्हें ना भी मिले मगर वह अपने मामले का निष्पादन करवाना चाह रहे हैं न्यायालय में आवेदन दे सकते हैं। जिला जज दितीय गुलाम हैदर ने बताया कि उनके न्यायालय से भी बिजली विभाग सहित अन्य मामलों के निष्पादन के लिए लोगों को नोटिस के माध्यम से जानकारी दी जा रही है, ताकि वह अपने मामलों का निष्पादन करा सके।

एसडीजेएम संजीत कुमार चंद्र ने भी बताया कि जहां मामले के दोनों पक्षों को निष्पादन के लिए नोटिस भेजा जा रहा है, वहीं सभी पैनल अधिवक्ताओं को भी सहयोग के लिए कहा जा रहा है। सभी पैनल अधिवक्ताओं एवं अधिवक्ता गण ने भी मामलों के निष्पादन के लिए अपना भरपूर सहयोग करने का न्यायालय को आश्वासन दिया है।

अधिवक्ता संघ के महासचिव वकील प्रसाद महतो ने भी बताया कि मामलों के निष्पादन के लिए अधिवक्ता संघ न्यायालय की मदद करेगा। जिससे ज्यादा से ज्यादा मामलों का निष्पादन हो सके। बैठक में जिला जज तृतीय राजेश कुमार सिन्हा, जिला जज चतुर्थ विशाल कुमार, एसीजेएम विशाल गौरव, मुंसिफ शरत निशीकांत कुजुर, प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी दीपक कुमार साहू, अपर लोक अभियोजक संजय कुमार सिंह ने भी अपने अपने विचार व्यक्त किए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *