विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। बोकारो जिला (Bokaro District) के हद में गोमियां प्रखंड कार्यालय में 6 अगस्त को लाभुकों के बीच पशुधन योजना लाभ का वितरण किया गया। यहां मात्र 4 लाभुकों को हीं मुख्यमंत्री पशुधन योजना का लाभ मिला, बाकी लाभुक निराश होकर लौट गये।
जानकारी के अनुसार गोमियां प्रखंड मुख्यालय में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत पशु का वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस अवसर पर कल्याण विभाग की ओर से आदिम जनजाति बिरहोर परिवार के सदस्यों को आय वृद्धि के लिए शत प्रतिशत अनुदान में बकरी और सुकर दिया जाना था।
इस निमित्त कल्याण पदाधिकारी केसी दुराई ने प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आदिम जनजाति बिरहोर और संथाल लाभुकों को प्रखंड मुख्यालय 6 अगस्त बुलाया था। कार्यक्रम मे बतौर मुख्य अतिथि गोमियां विधायक डॉ लंबोदर महतो उपस्थित थे। विधायक महतो ने 4 लाभुकों के बीच बकरी वितरण किया।
बताया जाता है कि, बकरी और सुकर के सप्लायर ने महज 4 यूनिट ही लाभुकों के लिए बकरी लाया था। जिसके कारण अन्य लाभुकों को यह आश्वासन देकर रखा गया कि और भी बकरी और सूकर आ रहा है, लेकिन वितरण होने के घंटों बाद भी बकरी और सुकर प्रखंड कार्यालय नहीं पहुंचा। अंत में लाभुक निराश होकर लौट गए।

इस संबंध में जब कल्याण पदाधिकारी से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि सप्लायर को 10 यूनिट बकरी और 5 यूनिट सुकर उपलब्ध कराने का निविदा मिला है। वह 4 यूनिट हीं बकरी लाया। शेष बकरी और सुकर लाने की बात कहता रहा। जब काफी देर तक बकरी और सुकर नहीं लाया गया तो लाभुक अपने घर चले गए।
इस बावत जब विधायक डॉ महतो (MLA Dr Mahato) को सूचना दी गई, तो उन्होंने कहा कि सप्लायर को बकरी और सुकर लाभुकों के घर तक पहुंचाना होगा, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। इस वितरण कार्यक्रम में गोमियां बीडीओ कपिल कुमार (BDO Kapil Kumar), प्रखंड प्रमुख प्रमिला चौड़े, जीप सदस्य डॉ सुरेंद्र राज, प्रमिला देवी, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष लुदु मांझी, सियारी मुखिया रामबृक्ष मुर्मू, बीस सूत्री के सदस्य पौलुश टुडू सहित दर्जनों अन्य मौजूद थे।
![]()












Leave a Reply