Advertisement

गिरिडीह के घोड़थम्भा में जुलूस के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में एक की मौत, 6 घायल

प्रहरी संवाददाता/गिरिडीह (झारखंड)। गिरिडीह जिला के हद में घोड़थम्भा ओपी क्षेत्र के चांगोंसिंघा गांव में 6 जुलाई को मुहर्रम के जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां जुलूस के दौरान हाई टेंशन तार की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गयी, जबकि छह घायल हो गये।

बताया जाता है कि मोहर्रम की ताजिया जुलूस में शामिल स्टील का ताजिया जैसे ही गांव के एक संकरे रास्ते से गुजर रहा था, ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट हाई टेंशन तार से टकरा गया। टकराते ही करंट पूरे ताजिया में फैल गया, जिससे मौके पर ही एक युवक की मौत हो गई और छह अन्य बुरी तरह झुलस गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

उक्त हादसे के तुरंत बाद वहां अफरातफरी मच गई। स्थानीय रहिवासियों ने घायलों को आनन-फानन में गिरिडीह सदर अस्पताल और नजदीक के स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया, जहां घायलों का इलाज चल रहा है। मृतक युवक की उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है। उक्त घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। इस हादसे ने मुहर्रम के गमगीन माहौल को और भी दु:खद बना दिया है।

ग्रामीण रहिवासियों ने बिजली विभाग और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हर साल मुहर्रम का जुलूस इसी रास्ते से गुजरता है, बावजूद इसके हाई टेंशन तारों की ऊंचाई और सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *