एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में सीसीएल ढोरी क्षेत्र के सेन्ट्रल कॉलोनी स्थित ऑफिसर क्लब में जनता मजदूर संघ का एकदिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया।
सम्मेलन में जमसं महामंत्री सिद्धार्थ गौतम, झरिया की विधायक रागिनी सिंह, झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह, रामेश्वर सिंह फौजी, कमलेश सिंह, अनिल सिंह, सीसीएल सेफ्टी बोर्ड सदस्य रविंद्र सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता धीरज पांडेय ने की, जबकि संचालन विकास सिंह ने किया। कार्यक्रम के दौरान महामंत्री, विधायक एवं पूर्व विधायक का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। कार्यकर्त्ता सम्मेलन में झरिया विधायक रागिनी सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रबंधन जान बूझकर मजदूरों का शोषण करता है। उन्होंने मजदूरों को संगठित रहने और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की सलाह दी। साथ हीं कहा कि संघ मृत कोल कर्मियों और असंगठित मजदूरों को उचित मुआवजा दिलाने का कार्य करती है, जबकि कुछ तथाकथित प्रबंधन की जी हजूरी कर अपनी यूनियन चलाते हैं।
पूर्व विधायक संजीव सिंह ने कहा कि संघ और परिवार को एक साथ लेकर चलना बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे पूरा करने का कार्य वे कर रहे हैं। उनका कहना था कि पुराने साथियों को एक साथ लाना भी संघ का उद्देश्य है। कहा कि उनके पिता के संस्कारों को आगे बढ़ाते हुए सिद्धार्थ गौतम ने उनकी अनुपस्थिति में संगठन को मजबूती देने का कार्य किया है।
महामंत्री सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जारी श्रमिक कोड के तहत संगठन की मान्यता के लिए 20 प्रतिशत मैन पावर की सदस्यता अनिवार्य कर दी गई है। कहा कि सरकार जानती है कि जब तक श्रमिक संगठन मजबूत रहेंगे, तब तक वह अपनी मनमानी नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत के आगे प्रबंधन को झुकना पड़ता है, लेकिन सरकार श्रमिक संगठनों को कमजोर करना चाहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पूरे सीसीएल में 6,000 सदस्यता पूरी करनी होगी। उन्होंने कहा कि पूरे कोल इंडिया में जनता मजदूर संघ ही एकमात्र ऐसा संगठन है जिसे दो कंपनियों में मान्यता प्राप्त है और इसे किसी भी सूरत में कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।
कमलेश सिंह, रविंद्र सिंह, ओमप्रकाश सिंह उर्फ टीनू सिंह, रामेश्वर सिंह फौजी और अनिल सिंह ने संगठन को और सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि सीसीएल में अभी तक रीजनल कमेटी का गठन नहीं हो पाया है, लेकिन इसे बहुत जल्द पूरा कर लिया जाएगा। फ़ौजी ने कार्यकर्ताओं से संगठन में अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यूनियन में रहते हुए ठेकेदारी न करें और संगठन की गरिमा बनाए रखें। साथ ही उन्होंने यूनियन में महिलाओं की भागीदारी को भी अहम बताया।
मौके पर मुख्य रूप से सुखदेव प्रसाद, अशोक शर्मा, डॉ एस.के. ओझा, राहुल कुमार, कामोद प्रसाद यादव, ओम शंकर सिंह, नवीन श्रीवास्तव, चन्द्रभान सिह, आशीष झा, उज्जवल मुखर्जी, रणवीर सिंह, टुनटुन तिवारी, राहुल कुमार, चंदन तिवार्था, प्रकाश कुमार, गंगा देवी, राहुल सिन्हा, संतोष कुमार, गौतम कुमार, शंकर नायक, राजेश नायक, रविंद्र गिरि, अख्तर अंसारी, लालू केवट व् अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply