रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला समाहरणालय सभागार में 6 मार्च को आयोजित हम आपको सुनते हैं कार्यक्रम (जनता दरबार) में जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने आम जनता की समस्याओं पर सुनवाई की। इस दौरान एक भावुक पल भी सामने आया, जब जिला के हद में चास प्रखंड के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र की दिव्यांग मां लुधु कुमारी अपने छोटे बेटे मोती कुमार महतो के साथ पहुंची। नन्हा मोती अपनी बड़ी बहन करूणा कुमारी के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय चास में नामांकन की गुहार लेकर आया था।
परिवार की आर्थिक व सामाजिक स्थिति के कारण बच्ची का अन्य विद्यालय में नामांकन नहीं हो पाया था। यह सुनकर डीसी झा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तुरंत निर्देश दिया कि करूणा कुमारी का नामांकन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि उसकी पढ़ाई बाधित न हो। जानकारी के अनुसार आयोजित जनता दरबार में कुल 31 मामलों की सुनवाई की गयी। जिसमें शिक्षा, राजस्व, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदनों पर डीसी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित जांच कर समाधान का निर्देश दिया।
![]()













Leave a Reply