मुख्यालय में समारोह आयोजित कर मुख्यालय के 11 सेवानिवृतों को दी गयी विदाई
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। सम्मान, स्मृतियाँ और शुभकामनाओं के साथ साल के अंतिम दिवस झारखंड की राजधानी रांची स्थित सीसीएल मुख्यालय में सेवानिवृत होनेवाले कर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यालय के 11 सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गयी।
जानकारी के अनुसार सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय दरभंगा हाउस में एक भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिसंबर में मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 11 कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसके साथ ही, सीसीएल के विभिन्न कोयला क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को भी उनके-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ससम्मान विदाई दी गयी। ज्ञात हो कि, आज सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से कुल 118 कर्मियों को गरिमापूर्ण विदाई दी गई।
विदाई समारोह के दौरान सीसीएल मुख्यालय में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएँ एवं स्मृतियाँ साझा की। मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में मुख्यालय मेडिकल विभाग के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ अंजुला निशि मिंज, असैनिक विभाग के महाप्रबंधक (असैनिक) राजीव रंजन सिंह, विद्युत एवं यांत्रिक विभाग के महाप्रबंधक (ईएंडएम) रुपेश प्रसाद सिंह, सामग्री प्रबंधन विभाग के महाप्रबंधक (एमएम) शंभु शरण शाह, गांधीनगर अस्पताल (जीएनएच) के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राज किशोर सिंह, खनन विभाग के मुख्य प्रबंधक (खनन) नवनीत झा, मुख्य प्रबंधक (खनन) विजय नारायण राम, जीएनएच के नर्स पनामा कुजुर, राजस्व विभाग के ओएस-ए-1 पैट्रिक बिलुंग, पेंशन सेल विभाग के ओएस-ए-1 सीमा सहाय एवं वेलफेयर एंड सर्विसेस (ईएंडएम) विभाग विभाग के फोरमैन आई/सी (इलेक्ट्रोनिक) दशरथ उरांव शामिल है।
विदाई सह सम्मान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएल के निदेशक मानव संसाधन (एचआर) हर्ष नाथ मिश्र उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों को उनके जीवन की अगली पारी के लिए शुभकामनाएँ दी। निदेशक एचआर मिश्र ने कहा कि यह सीसीएल परिवार के लिए अत्यंत गर्व और संतोष का विषय है कि आप सभी ने पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ अपने सेवाकाल को सफलतापूर्वक संपन्न किया है।
संगठन के प्रति आपकी प्रतिबद्धता और योगदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के उपरांत भी आप अपने बहुमूल्य अनुभव और ज्ञान का उपयोग समाज के उत्थान एवं जनकल्याण के कार्यों में करें तथा जीवन के आगामी चरण में धन एवं संसाधनों का विवेकपूर्ण और जिम्मेदार प्रबंधन करते हुए एक सकारात्मक एवं संतुलित जीवन व्यतीत करें। समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, अधिकारीगण, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
![]()













Leave a Reply