एस. पी. सक्सेना/बोकारो। जन समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से बोकारो जिला मुख्यालय समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में 20 जून को जनता दरबार का आयोजन किया गया। अध्यक्षता बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने की।
आयोजित जनता दरबार में जहां जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए आम नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक, भूमि विवाद, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, ग्रामीण विकास और अन्य विभागीय समस्या उपायुक्त के समक्ष रखीं। वहीं जनता दरबार में एक विशेष मामला सामने आया, जहाँ रिंकी देवी ने उपायुक्त को बताया कि उनके घर के बगल में राजकीयकृत विद्यालय लकाराखंदा है, लेकिन रिक्ति नहीं होने के कारण विद्यालय में बच्चियों का नामांकन नहीं हो सका है। उपायुक्त ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल लकाराखंदा विद्यालय के प्रधानाचार्य को दोनों बच्चियों का मौके पर ही नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त झा ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है। इसे सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता में है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिक्षा से जुड़ी ऐसी कोई भी समस्या लंबित न रहे। जनता दरबार में 25 से अधिक फरियादियों ने आवेदन/शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें प्रमुख रूप से भूमि विवाद, डीपीएलआर से संबंधित भूमि अभिलेख अद्यतन, चास अंचल से जुड़ी म्युटेशन और दाखिल खारिज, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं व वृद्धावस्था पेंशन से वंचित लाभुकों की समस्याएं शामिल थीं।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को एक-एक प्रकरण का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आवेदन एक सप्ताह के भीतर निष्पादित कर, इसकी रिपोर्ट समाहरणालय को भेजी जाए। उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार प्रशासनिक व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जहाँ आम नागरिक सीधे जिला प्रशासन के समक्ष अपनी बात रख सकते हैं। उनका भरोसा कायम रखना हमारी सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी है।

बताया जाता है कि जनता दरबार के उपरांत, जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वैच्छिक संस्थाओं ने उपायुक्त से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान सभी ने उन्हें उनके पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दीं। साथ ही, क्षेत्रीय समस्याओं से संबंधित विषय साझा किया। उपायुक्त ने सभी को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। मौके पर डीपीएलआर मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला जन संपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा पियूष, सहायक जन संपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply