उपमुख्यमंत्री के हरित ठाणे अभियान का श्री गणेश
कार्यालय संवादाता/मुंबई। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ठाणे मनपा ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की संकल्पना के तहत ‘ग्रीन ठाणे अभियान’ के तहत एक साल में दो लाख पेड़ लगाने का संकल्प लिया है। इस अभियान का शुभारंभ गुरुवार 5 जून को किया गया। इस वृक्षारोपण अभियान में पलास, बेल, नीम, कंचन, सीताअशोक, जामुन, पारिजातक, शीशम, कोकम, शिवन, करंज, अडूलसा, तगर, नींबू कामिनी, बकुल, बांस आदि देशी वृक्ष शामिल हैं। यह अभियान ठाणे और आसपास के क्षेत्रों में संकल्पना के तहत चलाया जायेगा। उपमुख्यमंत्री के हरित ठाणे अभियान की योजना मनपा आयुक्त सौरभ राव के निर्देशानुसार की गई। इनमें से 18 हजार 500 पौधे लगाए जा चुके हैं। जबकि शेष 1 लाख 86 हजार 500 पौधों को चरणबद्ध तरीके से लगाया जायेगा।
वृक्षारोपण में सभी की भागीदारी
इस अभियान में ठाणे में कुल दो लाख पांच हजार वृक्ष लगाए जाएंगे। इसमें मियावाकी पद्धति से 30 हजार, विभिन्न विकासकर्ताओं के माध्यम से 5 हजार, निजी संस्थाओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक संगठनों, आवासीय परिसरों और सरकारी कार्यालयों की सहभागिता से 5 हजार पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही अंतिम उपाय के रूप में 10 हजार पौधे लगाए जाएंगे। जिसमें से 5 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं। कोलशेत में वायुसेना स्टेशन के क्षेत्र में मियावाकी पद्धति से 20 हजार पेड़ लगाने की योजना मनपा बना रही है।
इन पेड़ों को लगाने के लिए गड्ढे खोदना, खाद और मिट्टी भरना, सिंचाई प्रबंधन जैसे प्रारंभिक कार्य अभी प्रगति पर हैं और वास्तविक काम अभी चल रहा है यह वृक्ष अधिकारी राजेश सोनवणे ने बताया। उपायुक्त मधुकर बोडके ने बताया कि इस अभियान में नागरिकों, शैक्षणिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, गैर सरकारी संगठनों, आवास परिसरों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और रक्षा क्षेत्र के विभिन्न संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
पिछले साल लगाए गए डेढ़ लाख पेड़
पिछले साल ठाणे मनपा ने इस अभियान में कुल 1 लाख 27 हजार पेड़ लगाए थे। इनमें से ठाणे के सभी वार्डों में 49 हजार 244 पेड़ लगाए गए। नागला बंदर में मियावाकी पद्धति से 1500 पेड़ लगाए गए। साथ ही, 5400 पेड़ मनपा और निजी स्कूल-कॉलेजों में लगाए गए। ठाणे में मेट्रो लाइन के नीचे और अन्य जगहों पर 11 हजार बांस के पेड़ लगाए गए। वहीं, संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में 60 हजार पेड़ लगाए गए। इसमें से 40 हजार पेड़ पारंपरिक पद्धति से और 20 हजार पेड़ मियावाकी पद्धति से लगाए गए, ऐसा उद्यान अधीक्षक केदार पाटिल ने बताया।
Tegs:On-environment-day-thane-manpa-will-resolve-2-lakh-saplings-in-1-year
46 total views, 19 views today