Advertisement

अवैध बालू खनन व् परिवहन पर प्रभावी अकुंश लगाएं पदाधिकारी-उपायुक्त

गोपनीय कार्यालय कक्ष में वीडियो संवाद द्वारा डिस्ट्रिक्ट माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक

प्रहरी संवाददाता/बोकारो। बोकारो जिले में अवैध बालू खनन तथा परिवहन पर पूर्ण विराम लगाने को लेकर जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने कड़े तेवर दिखाए हैं। इसे लेकर 18 दिसंबर को गोपनीय कार्यालय कक्ष से वीडियो संवाद के माध्यम से डिस्ट्रिक्ट माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक की गयी।

जानकारी के अनुसार आयोजित डिस्ट्रिक्ट माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी अंचलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखें। ऐसे स्थानों को चिन्हित कर इन कार्यों में लिप्त आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई करें तथा प्राथमिकी दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय से नियमित जांच एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें।

कैटेगरी-वन बालू घाटों को लेकर कार्यशाला आयोजित करने का निर्देश

जिला उपायुक्त झा ने निर्देश दिया कि कैटेगरी-वन बालू घाटों के संचालन एवं निगरानी को लेकर सभी संबंधित मुखिया के लिए कार्यशाला आयोजित की जाए। कार्यशाला के माध्यम से नियमों, शर्तों एवं दायित्वों की स्पष्ट जानकारी सुनिश्चित की जाए, ताकि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।

जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) रवि कुमार सिंह को निर्देशित किया गया कि वे सभी अंचलाधिकारियों को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि एसओपी के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

अवैध कोयला खनन पर कोल कंपनियों को सख्त निर्देश

बैठक में उपायुक्त ने बोकारो जिले में संचालित सीसीएल ढ़ोरी/कथारा एवं बीएंडके क्षेत्र के कोल कंपनियों को अपने -अपने क्षेत्रों में अवैध कोयला खनन पर पूर्ण रोक लगाने का निर्देश दिया। अवैध गतिविधि पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा गया। उन्होंने कहा कि, किसी भी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत को गंभीरता से लिया जाएगा। कोल कंपनियों को वार्षिक लक्ष्य के अनुरूप कोयला उत्पादन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। लक्ष्य अनुरूप कोयला उत्पादन नहीं होने पर आंतरिक समीक्षा बैठक कर कारणों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई को कहा।

मौके पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, वीडियो संवाद के माध्याम से जिले के सभी अंचलाधिकारी (सीओ), कोल कंपनियों के महाप्रबंधक/सुरक्षा पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *