Advertisement

नम आंखों के साथ पंचतत्व में विलीन हुईं श्रीदेवी

मुंबई। करोड़ों लोगों के दिलों पर बरसों तक राज करने वाली बॉलिवुड ऐक्ट्रेस श्रीदेवी पंचतत्व में विलीन हो चुकी हैं। मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट में श्रीदेवी का अंतिम संस्कार किया गया। पति बोनी कपूर ने श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार से पहले श्रीदेवी को दुल्हन की तरह सजाया गया था।

श्रीदेवी के अंतिम दर्शन के लिए स्टार्स और फैन्स की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रीदेवी को आखिरी विदाई देने के लिए पूरा बॉलीवुड उमड़ पड़ा। अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, गौरी खान, शक्ति कपूर, प्रसून जोशी, अर्जुन रामपाल, अनिल अंबानी, अंशुना कपूर, मनमोहन देसाई, मुकुल देव, जावेद अख्तर, शबाना आजमी, सुनील शेट्टी, फरदीन खान और अनुपम खेर समेत कई अन्य दिग्गज अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।

उनका अंतिम संस्कार दक्षिण भारतीय रस्म से किया गया। इसके लिए तमिलनाडु से पंडितों को बुलाया गया था। श्रीदेवी को साल 2014 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। इस वजह से महाराष्ट्र सरकार ने उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने का फैसला लिया। श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया और बंदूकों की सलामी दी गई।

फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की बात करें तो श्रीदेवी का सबसे पहले अंतिम दर्शन करने वालों में रेखा, ऐश्वर्या राय बच्चन, अरबाज खान, माधुरी दीक्षित नेने, अक्षय खन्ना, तब्बू, फराह खान, नितिन मुकेश, नील नितिन मुकेश, विद्या बालन, सुष्मिता सेन, शबाना आजमी, जावेद अख्तर, मधुर भंडारकर, दीपिका पादुकोण, संजय लीला भंसाली, फरहान अख्तर, हेमा मालिनी, जया बच्चन, जॉन अब्राहम, सुलभा आर्या, अजय देवगन और काजोल जैसी हस्तियां शामिल रहीं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *