Advertisement

पंचतत्व में विलीन हुए विनोद खन्ना

मुंबई। लंबे समय से ब्लड कैंसर से पीड़ित अभिनेता विनोद खन्ना पंचतत्व में विलीन हो गए। मुंबई के वर्ली स्थित शमशान भूमि में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके सबसे छोटे बेटे साक्षी खन्ना ने उन्हें मुखाग्नि दी।

विनोद खन्ना के अंतिम संस्कार में बॉलिवुड और राजनीति की कई दिग्गज हस्तियां शामिल हुईं। इस मौके पर बॉलिवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन, रणधीर कपूर, ऋषि कपूर, रणदीप हुडा सुभाष घई, दिया मिर्ज़ा, प्रफुल्ल पटेल, फिल्मों के विलन रंजीत, गायक उदित नारायण आदि शामिल हुए।

इसके अलावा विनोद खन्ना की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख व्यक्त किया है। मोदी ने भी ट्वीट कर विनोद खन्ना को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, ‘विनोद खन्ना को हम हमेशा एक पॉप्युलर ऐक्टर, समर्पित नेता और बहुत ही अच्छे इंसान के रूप में याद करेंगे। उनके परिवार को इस दुखद घड़ी में मेरी सहानुभूति।

बता दें कि 70 वर्षीय विनोद खन्ना का गुरुवार सुबह निधन हो गया। हाल ही में उनकी एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें वे बेहद कमजोर नजर आ रहे थे। विनोद खन्ना ऐक्टिंग के अलावा राजनीति में भी सक्रिय थे। गुरुदासपुर से सांसद खन्ना ने मुंबई के रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में अंतिम सांस ली।

उन्हें बीते 31 मार्च को मुंबई स्थित सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, अस्पताल की ओर से यही कहा गया था कि खन्ना के शरीर में पानी की कमी हो गई है।

गौरतलब है कि ऐक्टर विनोद खन्ना ने दो शादियां कीं। पहली पत्नी गीतांजलि थीं, जिनसे 1985 में तलाक हो गया। बाद में उन्होंने उन्होंने कविता से शादी की। उनके तीन बेटे अक्षय खन्ना, राहुल खन्ना और साक्षी खन्ना हैं। उनकी एक बेटी है, जिसका नाम श्रद्धा खन्ना है।

विनोद खन्ना ने अभिनय की शुरुआत 1968 में फिल्म ‘मन का मीत’ से की। उन्होंने अपने करियर में करीब 140 से अधिक फिल्मों में काम किया था। विनोद खन्ना की यादगार फिल्मों में ‘मेरे अपने’, ‘मेरा गांव मेरा देश’, ‘इम्तिहान’, ‘इनकार’, ‘अमर अकबर एंथनी’, ‘लहू के दो रंग’, ‘कुर्बानी’, ‘दयावान’ और ‘जुर्म’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय के लिए जाना जाता है। वह आखिरी बार 2015 में शाहरुख खान की फिल्म ‘दिलवाले’ में नजर आए थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *