मुंबई। उत्तर भारत में जारी बर्फबारी का असर मुंबई में दिखने लगा है। पहाड़ी इलाकों में लगातार गिर रहे बर्फ ने मुंबई में भी ठंड बढ़ा दी है। शनिवार को महानगर का पारा लुढ़क कर 14.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों में तापमान में और भी गिरावट हो सकती है। ठंड बढ़ने की वजह से मुंबई में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ता जा रहा है। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी वेदर फॉरकास्टिंग ऐंड रिसर्च (सफर) के मुताबिक रविवार शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 225 रहा।
अंधेरी की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही अंधेरी का एक्यू्आई 377 रहा जबकि बीकेसी का 366 और नई मुंबई का 316 एक्यू्आई दर्ज दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार सर्द मौसम में कई बार हवा न चलने या हवा की गति कम होने के कारण वातावरण में विद्यमान प्रदूषित कण एक जगह से दूसरी जगह नहीं पहुंच पाते, जिसके कारण हवा की गुणवत्ता प्रभावित होती है। इस दौरान अस्थमा और सांस की दूसरी बीमारियों से परेशान लोगों को अधिक सावधानी बरतने की आवश्कता होती है। मुंबई मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी तट पर निर्माण हुए दबाव की वजह से तापमान में गिरावट हो रही है।
रविवार को सांताक्रुज का न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस एंव कोलाबा का 17 .5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वर्ष 1962 में मुंबई में सबसे कम 7.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। इसके बाद 29 जनवरी 2012 को 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। लेकिन मौसम में हो रहे लगातार बदलाव के बाद इस वर्ष सभी रिकॉर्ड टूटने की संभावना जताई जा रही है। वर्ष 2017 में न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस और वर्ष 2016 में 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
![]()












Leave a Reply