Advertisement

नेहरूनगर कांड का असली आरोपी कौन?

8 साल से सजा काट रहे जावेद का क्या होगा!

मुंबई। करीब आठ साल से अपहरण, बलात्कार और हत्या के मामले में गिरफ्तार जावेद शेख जेल में सजा काट रहा है। वहीं नवी मुंबई पुलिस ने दावा किया है कि नेहरूनगर रेप, अपहरण और हत्या कांड का असली आरोपी अब पुलिस के हत्थे चढ़ा है। ऐसे में सवाल उठता है कि असली आरोपी अब मिल गया है तो जावेद शेख का क्या होगा? जावेद को फर्जी मामलों में फंसाया गया था, इसका जिम्मेदार कौन? जावेद शेख की माँ का कहना है कि समाज मे सरेआम हमारे खानदान के इज्जत की धज्ज्यिां उड़ाई गई थी।

गौरतलब है कि वर्ष 2010 में कुर्ला पूर्व स्थित नेहरूनगर पुलिस की हद में लगातार एक के बाद एक तीन मासूम बच्चियों के साथ अपहरण, बलात्कार और हत्या का मामला प्रकाश में आया था, इन हादसों ने पूरी मुंबई को हिला दिया था। सीरियल अपहरण, बलात्कार और हत्या के मामले में नेहरूनगर पुलिस ने काफी तहकीकात के बाद कुर्ला पूर्व स्थित कसाईवाडा स्थित गुलाम रसूल चाल का रहने वाले जावेद शेख को नाबालिग लड़कियों के कांड में गिरफ्तार किया था।

पुलिस की रिपोर्ट पर जावेद को उम्र कैद की सजा हो गई। इस मामले में जावेद के घरवालों ने अदालत का दरवाजा भी खटखटाया है। लेकिन आठ साल बीतने के बाद भी जावेद जेल में सलाखों के पीछे है। वहीं नवी मुंबई पुलिस ने दावा किया है कि नेहरूनगर कांड के अलावा अन्य 18 मामलों को अंजाम देने वाले रेहान कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसने अपना गुनाह भी कबूल कर लिया है। ऐसे में सवाल उठता है कि पुलिस ने फर्जी मामले में जावेद को जेल भेज दिया है! जावेद की माँ का कहना है कि मुझे इंसाफ चाहिए। मेरे बेटे का लाईफ खराब करने वालों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए, क्योंकि घटना वाले दिनों में पुलिस वाले अपनी तरक्की और मेडल के चक्कर में थे।

हम लोगो ने काफी मिन्नतें की लेकिन पुलिस वालों ने किसी की न सुनी और मेरे बेटे को जेल भेज दिया। इससे उसका जीवन तबाह हो गया है। अब तो उसे कहीं भी नौकरी नहीं मिलेगी। ऐसे में पुलिस वालों ने अपनी तरक्की के लिए जावेद की जिंदगी दाव पर लगा दी, उसे बलि का बकरा बना दिया। जावेद की मां ने रोते हुए कहा की मेरा बेटा बेकसुर था।

इसके बाद भी जेल में बंद हैं। उन्होंने कहा की इन आठ वर्षों में ईद, बकराईद और न जाने कितने त्योहार बीत गए, लेकिन मैंने अब तक कोई नया कपड़ा नहीं पहना है। उन्होंने कहा की ऊपरवाले की लाठी में आवाज नहीं होती। अब जब मेरा घर आएगा, हमारे लिए उसी दिन ईद होगी। इस मुद्दे पर मृतिका नुसरत शेख के पिता खुर्शीद आलम शेख से बात करने पर उन्होंने कहा कि मैं पहले भी बोलता था और अब भी बोल रहा हुं कि जावेद शेख इन मामलों का आरोपी नहीं है। इसके बालजूद पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

 


Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *