Advertisement

बेमौसम बारिश से मुंबईकरों की मुश्किलें बढ़ी

मुंबई। मुंबई में मानसून ने फिर एक बार दस्तक दी है। बेमौसम बारिश ने मुंबईकरों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। मुंबई में जारी बेमौसम बारिश की वजह से मानसूनी बीमारियों के मरीजों की संख्या में भी इजाफा होने लगा है। सर्दी, खासी और बुखार से ग्रसित मरीजों की संख्या बढ़ गई है।

पिछले कुछ दिनों से मुंबई समेत उपनगर में जारी बारिश ने दिवाली की खरीदारी को प्रभावित कर दिया है। रोज शाम को कड़कड़ाती बिजली और तेज हवा के साथ हो रही बारिश की वजह से मुंबईकर दिवाली की खरीददारी नहीं कर पा रहे है। दिन में कड़ी धूप व शाम के समय होने वाली बारिश की वजह से व्यापारियों को भी भारी नुकसान हो रहा है।

ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानों में सजे कंदील, रंगोली और रंगबिरंगी लाइटे बारिश में भीग खराब हो रही है। रविवार शाम को भी मुंबई समेत पूरे उपनगर में झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में मुंबई में तेज बारिश होने की चेतावनी जारी की है।

आमतौर पर अक्तूबर के पहले सप्ताह तक मुंबई समेत पूरे राज्य से मानसून चला जाता है। लेकिन इस वर्ष के जाने के बाद अक्तूबर के दूसरे सप्ताह में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने मुंबई के साथ मराठवाडा, कोकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भारी भारी बारिश की संभावना जताई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *