Advertisement

मुंबई लोकल में वरिष्ठ टीवी पत्रकार पर हमला

मुंबई। पश्चिम रेलवे लाइन पर मीरा रोड और अंधेरी रेलव स्टेशनों के बीच लोकल ट्रेन में करीब आठ यात्रियों ने एक वरिष्ठ टीवी पत्रकार पर हमला किया। हिंदी समाचार चैनल में काम करने वाले सुधीर शुक्ला हमले में घायल हो गए। राजकीय रेल पुलिस के वरिष्ठ अधकारी ने कहा कि लोकल ट्रेन के फुट-बोर्ड पर खड़े यात्रियों के एक समूह ने यह कहते हुए शुक्ला को अंधेरी जाने वाली ट्रेन में चढ़ने से रोका कि अंदर जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि हालांकि शुक्ला ट्रेन में चढ़ गए जिसके बाद उनके और उन यात्रियों के बीच बहस शुरु हो गयी।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद समूह ने उन्हें पीटना शरु कर दिया और जब शुक्ला ने उनकी तस्वीरें लेने की कोशिश की तो उनका फोन भी छीन लिया। हमले में घायल हुए टीवी पत्रकार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पश्चिम रेलवे जीआरपी के पुलिस उपायुक्त पुरुषोत्तम कराड ने कहा कि उनका इलाज पूरा होने के बाद हम आरोपियों की शिनाख्त की प्रक्रिया शुरु करेंगे और उनके खिलाफ बेहद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अंधेरी में जीआरपी इकाई में इस सिलसिले में मामला दर्ज किया जा रहा है। मुंबई प्रेस क्लब ने घटना की निंदा करते हुए एक बयान में कहा कि उसने सरकार एवं पुलिस प्राधिकरण को सूचित कर दिया है और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की है। प्रेस क्लब ने कहा कि बार-बार घटनाएं होने के बावजूद पुलिस हिंसा पर रोक लगाने में नाकाम रही है। मुंबई क्राइम रिपोर्टर्स एसोसिएशन ने भी घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *