Advertisement

लोकसभा चुनाव के लिए मानीं प्रिया दत्त

प्रहरी संवाददाता/ मुंबई। उत्तर-मध्य मुंबई लोकसभा सीट से प्रिया दत्त ने चुनाव लड़ने से इंकार करने के बाद आखिरकार ‘हां’ कर दी है। कहा जा रहा है कि राहुल गांधी से मिलने के बाद प्रिया ने अपना मन बदल दिया है और अब वह चुनने लड़ने के लिए तैयार हैं। प्रिया के इंकार करने के बाद यहां से कांग्रेस के उत्तर भारतीय चेहरा पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह प्रबल दावेदार माने जा रहे थे।

वर्ष 2005 में पिता सुनील दत्त के निधन के बाद हुए उपचुनाव में प्रिया चुनकर आई थीं। उसके बाद 2009 के लोकसभा चुनाव में दूसरी बार भी विजयी रहीं, लेकिन 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रिया को बीजेपी की पूनम महाजन ने भारी मतों के अंतर से पराजित किया। इससे प्रिया बहुत निराश हो गईं। कुछ दिन पहले ही प्रिया ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर चुनाव नहीं लड़ने की बात कही थी। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के हस्तक्षेप के बाद प्रिया अब चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।

उत्तर-मध्य मुंबई लोकसभा से कांग्रेस ने कृपाशंकर सिंह, विधायक नसीम खान और पूर्व विधायक बाबा सिद्दिकी का नाम भेजा था। प्रिया के मैदान से हटने पर कृपाशंकर की दावेदारी मजबूत मानी जा रही थी। इस बारे में सिंह का कहना है कि उत्तर-मध्य सीट से प्रिया की उम्मीदवारी का वह स्वागत करते हैं, लेकिन उत्तर-पश्चिम मुंबई सीट से चुनाव लड़ना चाहेंगे। इस सीट से उनका नाम भी गया है। उत्तर पश्चिम से मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम ने भी दावा किया है। गौरतलब है कि 2014 में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुरुदास कामत उत्तर पश्चिम मुंबई सीट से कांग्रेस उम्मीदवार थे। उनके निधन की वजह से कांग्रेस के लिहाज से यह सीट रिक्त है।

 


Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *