Advertisement

पेड़ गिरने से कालाचौकी में एक की मौत

संवाददाता/ मुंबई। दक्षिण मुंबई के काला चौकी (Kala chowki) पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत अभ्युदय नगर स्थित शिवाजी महाविद्यालय के पास शुक्रवार को अपराह्न 4 बजे के लगभग एक बहुत पुराना पेड़ गिर गया। जिसमें दबने से एक की मौत हो गयी, जबकि 2 अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए केईएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अभ्युदय नगर स्थित शिवाजी महाविद्यालय के पास शहीद भगत सिंह रोड पर म्हाडा पम्पिंग स्टेशन से कुछ ही दूरी पर बहुत पुराना पेड़ था, जो अपराह्न अचानक गिर गया। तेज आवाज के साथ पेड़ के गिरने से इलाके में अफरातफरी मच गयी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं अग्निशमन दल के जवान मौके पर पहुंच गए। पेड़ की चपेट में आने से फुटपाथ पर चप्पल एवं जूते का व्यवसाय करने वाले नाथूराम चुन्नीलाल मौर्या (48) की मृत्यु हो गई। नाथूराम कुर्ला पूर्व के ठक्कर बप्पा कॉलोनी में रहने वाला था। पेड़ की डाली के चपेट में आने से सुहास सूर्यकांत पालकर एवं शोहेब फरीद शेख गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिन्हें इलाज के लिए केईएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। केईएम के डॉक्टरों ने फरीद शेख की हालत स्थिर बताया है।

इस साल बारिश के मौसम में अब तक पेड़ गिरने की घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 लोग जख्मी हुए हैं। मनपा के आपदा प्रबंधन कक्ष के मुताबिक एक जून से अब तक 2300 पेड़ एवं उसकी टहनियां गिर चुकी हैं। मुंबई में कुल 29 लाख पेड़ हैं। मानसून के पहले पेड़ों टहनियों की छंटनी की जाती है बावजूद इसके पेड़ एवं उसकी टहनियों के गिरने की घटनाएं होती रहती हैं। पिछले साल मानसून के दौरान 510 पेड़ एवं 1077 टहनी गिरी थी, जिसकी वजह से 4 पुरुष और 2 महिला समेत कुल 6 की मौत हो गई थी, जबकि 30 अन्य घायल हुए थे।


Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *