Advertisement

गणेश भक्तों के लिए टोल फ्री हुआ हाइवे

मुंबई। गणेशोत्सव के लिए कोकण में अपने गांव जाने वाले भक्तों के लिए महाराष्ट्र सरकार ने एक निश्चित अवधि के लिए मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और कोल्हापुर होकर कोकण जाने वाले हाइवे को टोल फ्री कर दिया है। सार्वजनिक निर्माण मंत्री (सार्वजनिक उपक्रम) एकनाथ शिंदे ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। बता दें कि हर साल मुंबई से हजारों लोग गणोशोत्सव के दौरान कोकण जाते हैं।

मुंबई से कोकण जाने वाले लोगों को ध्यान में रखकर मंत्रालय में गुरुवार को एक विशेष बैठक हुई। इसमें सार्वजनिक निर्माण मंत्री एकनाथ शिंदे, गृह राज्यमंत्री (ग्रामीण) दीपक केसरकर के अलावा कई आला अफसर मौजूद थे। इसी बैठक में टोल न लेने का निर्णय लिया गया। बैठक के बाद मंत्री शिंदे ने घोषणा की कि गणेशोत्सव के लिए मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे और कोल्हापुर होकर कोकण जाने वाले वाहनों को टोल नहीं देना पड़ेगा।

जानकारी के अनुसार, यह छूट 10 से 13 सितंबर के बीच कोकण जाने वाले वाहनों को और गणेश विसर्जन के बाद 23 सितंबर तक वापस आने वाले वाहनों को ही मिलेगी। एसटी बसों पर भी यह छूट लागू होगी। कोकण जाने वाले वाहनों को पुलिस और क्षेत्रीय परिवहन विभाग के दफ्तर से एक विशेष स्टिकर गणेशोत्सव 2018 कोकण दर्शन नाम का जारी किया जाएगा।

बता दें कि मुंबई-गोवा सड़क मार्ग से कोकण जाने के लिए नवी मुंबई स्थित वाशी टोल नाका पर ही 35 रुपये टोल अदा करना पड़ता है। वहीं, मुंबई-बेंगलुरु मार्ग से कोल्हापुर से कोकण जाने के लिए करीब 450 रुपये से लेकर 550 रुपये तक टोल भुगतान करना पड़ता है। टोल फ्री किए जाने के साथ ही सरकार यात्रियों के कई और सुविधाएं भी मुहैया कराएगी। सरकार की ओर से हाइवे पर जगह-जगह मकैनिक रहेंगे और ऐंबुलेंस का भी इंतजाम होगा। वहीं, ट्रैफिक पुलिस और डेल्टा फोर्स भी मुस्तैद रहेगी।

 


Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *