एस.पी.सक्सेना/ बोकारो। जनता के घर-घर जाकर उनके सभी समस्याओं के निदान करने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पहल करते हुए सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की शुरुआत की है। इसके तहत बीते 22 जनवरी को पेटरवार प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड रहिवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए जनता दरबार का आयोजन किया गया। अध्यक्षता गोमिया विधायक डॉ. लंबोदर महतो (Dr Lambodar Mahto) एवं उप विकास आयुक्त रविरंजन मिश्रा ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त मिश्रा ने विभागवार समस्याओं को सुना और उनके समाधान हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
राज्य सरकार द्वारा प्राप्त दिशानिर्देश के तहत क्षेत्रवासियों को सभी विभागों के द्वारा संचालित योजनाओं से योग्य लाभुकों को आच्छादित करने के साथ-साथ पेंशन, राशन एवं अन्य सुविधाओं का लाभ देना है। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय विधायक डॉ. लंबोदर महतो, उप विकास आयुक्त रवि रंजन मिश्रा एवं प्रखंड प्रमुख सीमा देवी के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में गोमियां विधायक डॉ. महतो ने कहा कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन आप सभी क्षेत्रवासियों को सरकार के द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ दिलवाने एवं क्षेत्र में रह रहे असहाय वृद्ध एवं विधवा माताओं को सरकारी राशन एवं पेंशन उपलब्ध करवाने हेतु किया गया है।
इसके माध्यम से आप अपने जीवन की परेशानियों को सरकार तक पहुंचाने का कार्य कर सकेंगे एवं सरकार के द्वारा संचालित योजनाओं से आच्छादित करते हुए आप सबों के जीवन स्तर में बदलाव लाने का कार्य जिला प्रशासन के द्वारा किया जाएगा। उप विकास आयुक्त मिश्रा ने कहा कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन राज्य सरकार के दिशा निर्देश पर किया जा रहा है,जिसका एक मात्र मकसद है कि आम जनों की पहुंच सरकार तक सुगमता के साथ उपलब्ध हो।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के द्वारा स्टॉल लगाया गया है। जहां पर आप अपनी समस्याओं का अविलंब समाधान पा सकते हैं। अगर किसी भी व्यक्ति के द्वारा ऐसी कोई भी समस्या ज्ञात होती है जिसका समाधान कार्यक्रम स्थल पर संभव नहीं है वैसी समस्याओं का निदान जिला स्तर/प्रखंड स्तर से तय समय में सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में इन विभागों के द्वारा लगाया गया स्टॉल
कार्यक्रम में राजस्व विभाग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, समाज कल्याण विभाग, कल्याण विभाग, मत्स्य विभाग, जिला उद्योग केंद्र, आपूर्ति विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, नियोजन कार्यालय आदि के द्वारा जागरूकता हेतु स्टॉल लगाए गए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला भू-अर्जन पदाधिकारी जेम्स सुरीन, ज़िला योजना पदाधिकारी पी.बी.एन. सिंह, ज़िला कृषि पदाधिकारी राजीव मिश्रा, ज़िला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार गर्ग, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी मनीषा वत्स, प्रखंड विकास पदाधिकारी इंदर कुमार, अंचल अधिकारी कसमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा रविशंकर मिश्रा सहित विभिन्न पंचायतों के मुखिया एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
![]()












Leave a Reply