Advertisement

100 रूपये में मिल रहा एक बंडल धनिया

मुंबई। महाराष्ट्र में किसानों का प्रदर्शन लगातार आज पांचवे दिन भी जारी है। जिससे सब्जियों और दूध की आपूर्ति पर काफी असर हो रहा है। किसान संगठनों का कहना है कि वे आज पांचवें दिन मुंबई सहित ‘महाराष्ट्र बंद’ करने जा रहे हैं। किसानों के इस आंदोलन ने सब्जियों के दाम पर बुरा असर डाला है। हालात यहां तक पहुंच गए हैं कि अब एक बंडल धनिया सौ रुपए तक मिल रहा है।

महाराष्ट्र में बीजेपी की गठबंधन सहयोगी शिवसेना ने भी ‘बंद’ के आह्वान को अपना समर्थन दिया है। नासिक और अहमदनगर जैसे प्रमुख उत्पाद केन्द्रों से आपूर्ति में काफी कमी आने के कारण मुंबई सहित शहरों में सब्जियों और फलों के दामों में काफी बढ़ोतरी हुई है।

एक जून से आंदोलन कर रहे हैं किसान

खेती के कर्ज से छूट और कम दाम में बिजली जैसी अन्य मांगों को लेकर एक जून से आंदोलन कर रहे किसानों के आंदोलन का आज पांचवां दिन है। नासिक और अहमदनगर सहित महाराष्ट्र विरोध का प्रमुख केन्द्र बन गया है। आंदोलन की अगुवाई कर रहे किसान क्रांति मोर्चे (केकेएम) और राज्य के विभिन्न हिस्सों के किसान प्रतिनिधियों की नासिक की कृषि उत्पाद बाजार समिति में बैठक हुई। बैठक में कई प्रस्ताव पास किए गए और महाराष्ट्र बंद (मुंबई सहित) का फैसला लिया गया। बंद का आह्वान तीन दिन पहले लिया गया था।

बता दें कि शनिवार को मुख्यमंत्री के साथ बातचीत के बाद किसानों की कोर कमेटी ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी थी, लेकिन राज्य के ज्यादातर किसानों ने कोर कमेटी के इस फैसले को मानने से इनकार कर दिया और कोर कमेटी के नेताओं के खिलाफ ही आंदोलन शुरू कर दिया है। किसानों के इस रुख को देखते हुए कोर कमेटी ने भी हड़ताल वापस लेने के अपने फैसले को वापस ले लिया है और हड़ताल में किसानों का साथ देने की बात कही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *