Advertisement

कांग्रेस कार्यकर्ता की मुंबई में हत्या

मुंबई। घाटकोपर में रविवार देर रात सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट को लेकर कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख अशोक चव्हाण ने आरोप लगाया कि हमलावरों का ताल्लुक भाजपा से है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बीती रात लगभग डेढ़ बजे असल्फा मेट्रो स्टेशन के पास दो अज्ञात हमलावरों ने मनोज दुबे (45) की चाकू घोंपकर हत्या कर दी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस दुबे को अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण ने ट्विटर पर आरोप लगाया कि वारदात को भाजपा कार्यकर्ताओं ने अंजाम दिया है। हमलावरों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए चव्हाण ने कहा, ‘‘भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ता दुबे की नृशंस हत्या कर दी। कांग्रेस पार्टी इस घटना की निंदा करती है। यह सिर्फ कांग्रेस के कार्यकर्ता की हत्या नहीं, बल्कि लोकतंत्र की हत्या है।”

विधानसभा में विपक्ष के नेता राधाकृष्णन विखे-पाटिल ने भाजपा नीत राज्य सरकार की निंदा करते हुए कहा, ‘‘महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था का शासन है या गुंडों का…।” यह पूछे जाने पर कि हत्या का कारण क्या दुबे द्वारा फेसबुक पर लिखा गया एक राजनीतिक पोस्ट है, अधिकारी ने कहा कि हमले के पीछे की वास्तविक वजह का पता नहीं चला है। उन्होंने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

 


Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *