Advertisement

दलाल ने बुक किए 86 लाख के 4000 ई-टिकट

मुंबई। सेंट्रल रेलवे के विजिलेंस स्क्वॉड ने मुंबई के वसई इलाके में एक ट्रैवल एजेंसी के दलाल को गिरफ्तार किया है। उसके पास से अवैध तरीके से बुक किए गए तीन लाख रुपये के 78 ई-टिकट बरामद हुए हैं। आरोपी विमल चंदा को आनंद नगर इलाके में गीत ट्रैवल्स नाम की ट्रैवल एजेंसी से दबोचा गया।
रेलवे के स्क्वॉड ने विमल के पास से 86 लाख रुपये कीमत के 4000 से ज्यादा पुराने ई-टिकट बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि अवैध सॉफ्टवेयर के जरिए टिकट बुकिंग के लिए उसने 61 लोगों की आईडी का इस्तेमाल किया था।

बता दें कि वेस्टर्न रेलवे ने त्यौहारों को देखते हुए दलालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। इससे पहले 2 और 3 नवंबर को देशभर में दलालों के खिलाफ मुहिम में 16 लाख की कीमत वाले 900 टिकटों के साथ 40 दलालों को गिरफ्तार किया गया था। पश्चिम रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि त्यौहार के सीजन में टिकटों की मांग बढ़ जाती है लिहाजा ऐसे टिकटों को यात्रियों को काफी ज्यादा पैसे लेकर बेचा जाता था।

वेस्टर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) रविंद्र भाकर ने कहा, ‘आरपीएफ (वेस्टर्न रेलवे) ने पिछले 20 दिनों के दौरान 1400 छापों को अंजाम दिया। छापेमारी में पकड़े गए 244 दलालों से 1.06 करोड़ रुपये के टिकट बरामद किए गए।’ उन्होंने बताया कि दलालों के खिलाफ विशेष अभियान 30 नवंबर तक जारी रहेगा।

इसके साथ ही यात्रियों को स्वीकृत जगहों से ही टिकट खरीदने के बारे में जागरूक करने के लिए एक जागरूकता अभियान भी शुरू किया गया है। इस अभियान के जरिए अनाधिकृत डीलरों या दलालों से टिकट खरीदने से बचने को कहा गया है। रेलवे ऐक्ट के तहत यह एक दंडनीय अपराध है।

 


Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *