Advertisement

जातिवाद के नाम पर लोगों को बांट रही है BJP-अखिलेश

मुंबई। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा को देश की सबसे बड़ी जातिवादी पार्टी करार दिया है। मुंबई के सोमैया मैदान में रविवार की शाम देश बचाओ, देश बनाओ सभा को संबोधित करते हुए अखिलेश ने भाजपा पर धर्म और जाति के नाम पर नफरत फैलाने का आरोप लगाया।

यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा देश को गलत रास्ते पर ले जा रही है। उन्होंने एक बार फिर से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीईम) की विश्वनीयता पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि दुनिया के कई देशों में बैलेट पेपर से चुनाव होते हैं। जब हम बैलेट पेपर पर स्टांप लगाते हैं तो वह सरकार के प्रदर्शन पर मुहर लगाते हैं। जब हम ईवीएम से वोट डालते हैं तो मशीन हमारे बदले वोट करता है। इसलिए देश में दोबारा बैलेट पेपर से चुनाव कराने की जरूरता है।

सीएम अखिलेश ने किसानों की आत्महत्या के मामले में महाराष्ट्र की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से महाराष्ट्र विकसित राज्य है, लेकिन खुदकुशी की सबसे ज्यादा घटनाएं भी यहीं होती हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने किसानों को लोन दिया है, लेकिन मैं पूछता हूं कि महाराष्ट्र में कितने किसानों को लोन मिले हैं।

अखिलेश ने अप्रत्यक्ष रूप से महाराष्ट्र में मुस्लिम आरक्षण की वकालत की। उन्होंने कहा कि गुजरात, महाराष्ट्र, हरियाणा और राजस्थान में आरक्षण की मांग की जा रही है। हमारा मत है कि जनसंख्या के अनुपात में सबको आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए। अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा कि वे कहते हैं नोटबंदी से भ्रष्टाचार और कालेधन पर रोक लगेगी।

मैं कहता हूं कि इससे केवल नोटों का रंग बदल गया है। अखिलेश ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज का स्मारक बनाने की कोशिश कर रही है। यूपी में अगली बार सपा सरकार आयी तो 2 हजार एकड़ में शिवाजी पार्क बनाया जाएगा। गुजरात में सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा अमेरिका के स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी से बड़ी बनाई जा रही है। हमारी मांग है कि मुंबई में शिवाजी की प्रतिमा चंगेज खान (मंगोलिया का शासक) से बड़ी होनी चाहिए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *