Advertisement

पलक झपकते ही बाइक चोरी करने वाला गिरफ्तार

संवाददाता/ मुंबई। मुंबई में महंगी बाइक के शौकीन के लिए आंखे खोल देने वाली खबर है। क्राइम ब्रांच (Crime Branch) ने एक बाइक चोर (Bike theft) को गिरफ्तार किया है, जो मास्टर चाबी से पलक झपकते ही महंगी बाइकों को गायब कर देता था। पुलिस की पूछताछ में उसने 25 बाइक चुराने का गुनाह कबूल किया है। उसके पास से 6 बाइक बरामद की गयी है।

क्राइम ब्रांच यूनिट-6 के हवलदार मनोहर भोसले को गुप्त सूचना मिली कि चुनाभट्टी के शिवसृष्टि रोड स्थित बंटर भवन के पास मानखुर्द इलाके से बाइक चोरी करने वाला आरोपी आने वाला है। पुलिस उपायुक्त अकबर पठान के मार्गदर्शन में प्रभारी पुलिस निरीक्षक दीपक चव्हाण, पुलिस निरीक्षक चंद्रकांत दलवी, सहायक पुलिस निरीक्षक महेंद्र घाग, अनिल गायकवाड़, अर्चना कुदले एवं हवलदार मोहन भोसले की टीम ने चुनाभट्टी इलाके में ट्रैप लगाकर एक संदिग्ध आरोपी को पकड़ा।

जब उसके बाइक की छानबीन की गयी, तो पता चला कि उसने मानखुर्द इलाके से कुछ दिनों पहले बाइक चुराया था। उसे बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान जीवन उर्फ बंटी नामदेव कांबले के रूप में हुई। पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि कांबले ने मुंबई के घाटकोपर, साकीनाका, चुनाभट्टी, विनोबा भावे नगर, नवी मुंबई के रबाले पुलिस स्टेशन के अंतर्गत 25 बाइक चोरी की है। उसके पास से 6 बाइक बरामद की गयी है।

कुर्ला (प.) के कमानी स्थित सुंदरबाग में रहने वाले कांबले के पास मास्टर चाबी होती थी, जिससे वह किसी भी बाइक का लॉक आसानी से खोल देता था। वह विभिन्न इलाकों में घूमता था और महंगी बाइक देखते ही उसे लेकर फरार हो जाता था। पुलिस को उसके एक साथी के विषय में भी जानकारी मिली है। पुलिस उसकी खोजबीन कर रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *