Advertisement

बालासाहब थोराट बने महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष

मुंबई। कांग्रेस पार्टी में लगातार हुए इस्तीफों के बाद अब बदलाव शुरू हो गया है। लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस हार की जिम्मेदारी लेते हुए पार्टी की राज्य इकाई के मुखिया अशोक चव्हाण ने इस्तीफा दे दिया था। अब उनकी जगह पर बालासाहब थोराट को महाराष्ट्र इकाई का अध्यक्ष बनाया गया। उनके अलावा पांच कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किए गए हैं।

बता दें कि बालासाहब थोराट महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता थे। अब उनकी जगह के सी पदावी को विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया है। बालासाहब थोराट को अध्यक्ष बनाने के अलावा डॉ. नितिन राउत, बस्वाराज एम पाटिल, विश्वजीत कदम, यशोमति चंद्रकांत ठाकुर और मुजफ्फर हुसैन को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही सात समितियां भी गठित की गई हैं। ये समितियां हैं:- रणनीति समिति, मैनिफेस्टो समिति, संयोजन समिति, चुनाव समिति, प्रचार समिति, प्रचार और प्रकाशन समिति, मीडिया और कम्युनिकेशन समिति और चुनाव प्रबंधन टीम का गठन भी किया गया है। वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शिंदे को संयोजन समिति, बालासाहब थोराट को रणनीति और चुनाव समिति और नाना पटोले को प्रचार समिति का मुखिया बनाया गया है।

गौरतलब है कि इसी साल महाराष्ट्र में विधानसभा के चुनाव भी होने हैं। लोकसभा चुनाव में राज्य की 48 में से सिर्फ एक सीट पर कांग्रेस को जीत हासिल हुई थी। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। इस बात की पूरी संभावना है कि दोनों पार्टियां विधानसभा चुनाव में भी एकसाथ उतरेंगी।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *