Advertisement

मनपा की धुआंधार कार्रवाई में अब तक 55 होटल सीज

52 स्थानों पर चला हथौड़ा

मुंबई। कमला मिल परिसर में लगी आग के बाद मुंबई शहर एवं उपनगरों के सभी होटलों की जांच एवं उनके खिलाफ मनपा की कार्रवाई जोरो पर चल रही है। मनपा आयुक्त अजोय मेहता के आदेश पर अब तक 55 होटलों को सीज किया गया है जिसमें 9 पर शुक्रवार को ताला लगाया गया। मनपा अधिकारियों ने शुक्रवार को 397 होटलों की जांच की जिसमें से 271 में अनियमितता पाए जाने पर आवश्यक सुधार करने के लिए निर्देश दिया गया।

52 होटलों में अवैध निर्माण देखने को मिला जिन्हें अधिकारियों ने तोड़ दिया। मनपा अधिकारियों ने होटलों में अवैध रूप से जमा किये गए 197 गैस सिलेंडरों को भी जब्त किया है। लोअर परेल के कमला मिल परिसर में 28 दिसंबर की रात वन अबव एवं मोजोस में आग लगने की वजह से 14 की मौत हो गयी थी। इस अग्निकांड के बाद मनपा प्रशासन की तरफ से होटलों के खिलाफ मुहिम शुरू की गयी है। मनपा प्रशासन ने होटलों की जांच एवं कार्रवाई के लिए 52 तोड़ू दस्ते का गठन किया है। दस्ते में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने 24 वार्डों में कार्रवाई की है।

मनपा अधिकारियों ने एच/पश्चिम विभाग के 5 बी एवं जी/दक्षिण विभाग में 2 -2 होटलों को सीज किया गया है। जांच के दौरान 52 होटलों में अवैध निर्माण सामने आया जिसके खिलाफ तोड़क कार्रवाई की गयी है। 271 होटलों की जांच रिपोर्ट देकर सुधार करने के लिए कहा गया है। मनपा की तरफ से बनाए दस्ते में अग्निशमन दल, सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग एवं इमारत एवं कारखाना विभाग के एक -एक अधिकारियों एवं आवश्यकतानुसार कर्मचारियों को शामिल किया गया है।

होटल में अग्निसुरक्षा विषय की जांच अग्निशमन दल एवं स्वास्थ्य से संबंधित जांच सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों द्वारा की जा रही है। इमारत का निर्माण ,प्रवेश द्वार, खुली जगह की जांच इमारत एवं कारखाना विभाग के अधिकारियों द्वारा की जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *