Advertisement

मुंबई में हाईटाइड अलर्ट

मुंबई। मुंबई में बारिश एक बार फिर आफत लेकर आई है। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर का जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई इलाकों में पानी भर गया है। बताया जा रहा है कि 26 जुलाई 2005 के बाद यह सबसे ज्यादा होने वाली बारिश है।

मुंबई में इन दिनों गणेश चतुर्थी के पर्व मनाया जा रहा है, ऐसे में इस भारी बारिश के कारण कई गणेश पंडालों में भी पानी भर गया है। मनपा लगातार जलजमाव खत्म करने का प्रयास कर रही है पर ये नाकाफी साबित हो रहा है। इस बीच, कुछ ही देर बाद हाई टाइड आने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में भारी बारिश की आशंका जताई है। लोगों को चेतावनी दी गई है कि बहुत जरूरत होने पर ही वे घर से निकलें। बारिश की वजह से हवाई सेवा भी बाधित हुई और कई फ्लाइट्स लेट हैं। इस चेतावनी के बाद बीएमसी ने कहा है कि वह हर स्थिति के लिए पूरी तरह से तैयार है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस SDMC के कंट्रोल रूम में जायजा लेने पहुंचे हैं। एनडीआरएफ की टीमें भी भेजी गई हैं। शाम 5 बजे हाई टाइड की चेतावनी दी गई है। बारिश के कारण समंदर में ऊंची लहरे उठ रही हैं। भारी बारिश को देखते हुए आपदा प्रबंधन दल, मनपा कंट्रोल रूम अलर्ट पर है। मुंबई पुलिस ने सड़क पर फंसे हुए लोगों को 100 नंबर डायल करने के लिए कहा है।

इसके अलावा ट्विटर पर संपर्क करने के लिए कहा और मदद का आश्वासन दिया। महाराष्ट्र सरकार ने सभी को मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार घर पर रहने के निर्देश दिए हैं और दफ्तरों में छुट्टी का आदेश दिया है। बता दें कि बारिश सुबह से लगातार जारी है। सड़कों पर बाढ़, ट्रैफिक जाम होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *