Advertisement

आजमी का पत्र मोदी के नाम


बलात्कारियों को दे फांसी

मुंबई। समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आसिम आजमी ने मध्य प्रदेश के मंदसौर में नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म की कड़ी निंदा करते हुए घटना की तत्काल जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र भी लिखा है। पत्र में कहा गया है कि भाजपा के राज में बलात्कार की घटनाओं में का ग्राफ तेजी से बढ रहा है। लिहाजा इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए उचित कार्रवाई नहीं होने से जनता में रोष व्याप्त है।

सपा के महाराष्ट्र, मुंबई अध्यक्ष व विधायक अबू आसिम आजमी ने कहा है कि जम्मू -कश्मीर के कठुवा में आसिफा बलात्कार कांड को लेकर पूरे देश में हर तरफ आम जनता व सामाजिक संगठनों की ओर से आंदोलन किया जा रहा था। उक्त आंदोनल में आरोपी को फांसी देने की मांग की जा रही थी, तो उस घटना को सांप्रदायिकता का रंग दिया गया। लेकिन उससे ज्यादा अफसोस की बात यह हैं कि आरोपियों के पक्ष में सत्ताधारी दल के नेताओं ने वकीलों के साथ धरना आंदोलन किया। इतना ही नहीं उक्त घटना को महत्त्व देने के बजाय सरकार ट्रिपल तलाक बिल के पीछे पड़ी रही।



आजमी ने लिखा है कि मंदसौर बलात्कार की घटना शर्मनाक और घिनौनी है, लिहाजा इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। आजमी ने मांग किया है कि बलात्कार जैसी घटनाओं का मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चला कर 6 महीने के अन्दर फैसला किया जाए। ताकि दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जा सके। बलात्कार के आरोपियों को फांसी देने लिए एक प्रस्ताव पारित करके पूरे देश में निचली अदालत से लेकर उच्च न्यायालय तक फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन होना चाहिए।

वहीं शनिवार को अबू आसिम आजमी के नेतृत्व में बेलार्ड पियर स्थित पार्टी कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया गया और मंदसौर में नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की गई। इस धरना प्रदर्शन में आजमी के साथ पार्टी के मुंबई प्रदेश के सभी पदाधिकारी, जिला और तालुका अध्यक्ष शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *