Advertisement

बढ़ते पेट्रोल व डीजल के दामों को लेकर धरना

प्रहरी संवाददाता/ जैनामोड़ (बोकारो)। पेट्रोल एवं डीज़ल की बढ़ती कीमतों को लेकर 2 जुलाई को जरीडीह प्रखंड कांग्रेस कमिटी द्वारा प्रखंड मुख्यालय के पर धरना दिया गया। देश में बढ़ती डीजल और पेट्रोल की कीमतों को लेकर जरीडीह प्रखंड कांग्रेस कमिटी प्रखंड मुख्यालय परिसर के बाहर धरने पर बैठे और तेल की बढ़ती कीमतों को वापस लेने की मांग करते हुये केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

धरना के बाद उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जरीडीह (Jaridih) प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भी भेजा। जिसमें डीजल और पेट्रोल की कीमतों में भारी वृद्धि में कटौती करने का आग्रह किया गया। मौके पर जरीडीह कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुमार मंडल एवं प्रखंड प्रभारी सुबोध कुमार मिश्रा ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के चलते आम आदमी पहले ही आर्थिक संकट की स्थिति से जूझ रहा है। ऐसे में आर्थिक मंदी से परेशान लोगों की परेशानियां तेल की बढ़ती कीमतों ने और बढ़ा दी है।

उन्होंने कहा कि आए दिन डीजल पेट्रोल की कीमतों मेंं बेहताशा वृद्धि हो रही है। बढ़ती तेल की कीमतों का आम आदमी पर सीधा असर पड़ रहा है क्योंकि इससे कहीं ना कहीं सीधे तौर पर किसान बागवानी भी प्रभावित हो रहा है। 2014 के बाद जब से बीजेपी ने केंद्र में सत्ता संभाली है लगातार तेल की कीमतों में वृद्धि हो रही है और देश के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है जब डीजल की कीमतें पेट्रोल से ज्यादा हो गई है। विरोध प्रदर्शन में जरीडीह कांग्रेस प्रखंड अध्य्क्ष अशोक कुमार मंडल, सुबोध कुमार मिश्रा, सनत कुमार मिश्रा, मुरलीधर साव, अकबर अंसारी, अजित प्रामाणिक, रामविलास प्रजापति, विजयमल सिंह, हाजी सलीम अंसारी सहित सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *