- कोरोना से बचाव को दिशा निर्देशों का करें पालन, घर में पढ़े नमाज-एसडीओ
- मुस्लिम बुद्धिजीवियों ने धार्मिक आयोजन न कर घर पर नमाज पढ़ने पर दी सहमति
एस.पी.सक्सेना/ रांची (झारखंड)। मुस्लिम धर्मावलंबियों का त्योहार बकरीद को लेकर 27 जुलाई को रांची कोतवाली थाना परिसर में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक सोशल डिस्टेंसींग को ध्यान में रखकर किया गया।
रांची (Ranchi) के सदर अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित शांति समिति की बैठक में सिटी एसपी सौरभ, कोतवाली डीएसपी अजीत विमल, विभिन्न शांति समिति के सदस्यों एवं मुस्लिम संगठनों के प्रतिनिधि, बुद्धिजीवी आदि उपस्थित थे।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी मिश्रा ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोनावायरस (Coronavirus) के मद्देनजर राज्य सरकार द्वारा धार्मिक आयोजन नहीं करने का निर्देश है। उन्होंने मुस्लिम बुद्धिजीवियों और धार्मिक संगठनों से अपील करते हुए कहा कि ईदगाह के बजाय अपने-अपने घरों में नमाज पढ़ें। जिस पर मुस्लिम बुद्धिजीवियों और संगठनों ने अपनी सहमति दी। एसडीओ रांची ने कहा कि त्यौहार के दौरान साफ सफाई के साथ-साथ सांप्रदायिक सौहार्द का भी ख्याल रखें। दूसरे समुदायों की भावनाओं का ख्याल रखते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार मनाएं।
बैठक में मुस्लिम संगठनों के प्रतिनिधियों को कोरोना महामारी के गाइड लाइन का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही बुद्धिजीवियों और संगठन के लोगों से अपील की गई कि वे लोगों को अपने-अपने घरों से इबादत करने के लिए अपने स्तर से जागरूक करें। ताकि कोरोना संक्रमण के खतरे से बचा जा सके।
सिटी एसपी सौरभ ने कहा कि बकरीद में सांप्रदायिक सौहार्द बना रहे इसके लिए शांति समिति और विभिन्न संगठनों के सदस्यों और प्रतिनिधियों से बातचीत कर ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जाएगा, जहां पर गड़बड़ी होने की आशंका है। इन स्थानों पर पेट्रोलिंग के साथ-साथ पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल लोग समझदारी से करें। आपत्तिजनक पोस्ट करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया के विभिन्न ग्रुप एडमिन भी इस पर ध्यान दें। अगर ऐसे पोस्ट सर्कुलेट हो रहे हैं तो तुरंत पुलिस-प्रशासन को इसकी जानकारी दें। बैठक में शांति समिति और संगठनों ने भी अपनी अपनी बातें रखी, जिस पर उचित व्यवस्था किए जाने की बात अधिकारियों द्वारा कही गई।
![]()












Leave a Reply