Advertisement

असामाजिक तत्वों ने पोकलेन मशीन फूंका

प्रहरी संवाददाता/ गोमियां (बोकारो)। गोमियां थाना के हद में धनबाद रेल मंडल अंतर्गत नक्सल प्रभावित डुमरी व दनिया रेलवे स्टेशन के बीच काशीटांड़ के समीप रेलवे डबल लाइन के विस्तारीकरण कार्य से जुड़ी एक पोकलेन मशीन में आग लगा दी गई है। इसके साथ ही एक डंफर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। बीती रात्रि असामाजिक तत्वों ने पोकलेन मशीन को आग के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने इसमें नक्सलियों के हाथ होने से इनकार किया है। पुलिस के अनुसार असामाजिक तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया है।

जानकारी के अनुसार ठेकेदार द्वारा रेलवे डबल लाइन के विस्तारीकरण में साइड पथ का निर्माण के लिए मिट्टी कटिंग का कार्य कराया जा रहा था। कार्य में लगी पोकलेन मशीन को असामाजिक तत्वों द्वारा फूंक दिया गया। इस घटना के संबंध में गोमियां के थाना प्रभारी ने बताया कि बीते दिन कुछ लोगों के साथ ठेकेदार के गार्डों के साथ कुछ बातों को लेकर विवाद हुआ था, जो खत्म हो गया था।

इसी बीच बीती रात्रि साइट पर खड़े पोकलेन को असामाजिक तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। घटना की सूचना पाकर गोमियां पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि असामाजिक तत्वों के द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने नक्सली घटना से साफ इंकार करते हुए कहा कि थाना में मामला दर्ज किया गया है। बहुत जल्द इस घटना का उद्भेदन कर घटना में संलिप्त लोगों को पुलिस गिरफ्तार करेगी।इस काम को एमसीपीएल-करण इंटर प्राइजेज (जेबी) कंपनी द्वारा कराया जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *