Advertisement

HSC Result : रैंकिंग में पिछड़ी मुंबई

मुंबई। एचएससी का परीक्षा परिणाम मंगलवार को घोषित किया गया जिसमें मुंबई के परिणाम थोड़े निराश करने वाले थे। बता दें कि महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार को 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए। परीक्षा में 75 फीसदी से अधिक अंक पाने वाले विद्यार्थियों की संख्या 36 हजार 354 है, फिर भी सभी नौ जोन में मुंबई रैंकिंग में पिछड़ गयी।

हालांकि बोर्ड ने पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन अन्य जोन द्वारा और अच्छा प्रदर्शन करने की वजह से मुंबई बोर्ड की रैंकिंग सातवें स्थान से खिसकते हुए नौवें स्थान पर पहुंच गई। इन सबके बावजूद मुंबई के सफल विद्यार्थी रिजल्ट के बाद जश्न मनाते नजर आए, वहीं असफल विद्यार्थियों को लोग दिलासा देते नजर आए।

राज्य के अन्य जोन की तरह मुंबई में भी लड़कियों ने बाजी मारी। एचएससी परीक्षा के लिए मुंबई जोन के तीन लाख 17 हजार 615 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिसमें से 3 लाख 17 हजार 328 विद्यार्थी परीक्षा में बैठे थे। इनमें से 2 लाख 79 हजार 908 विद्यार्थी पास हुए हैं। मुंबई जोन के 88.21 फीसदी विद्यार्थी पास हुए हैं।

एजुकेशन बोर्ड के मुताबिक, परीक्षा परिणाम पिछले साल की तुलना में 2.13 प्रतिशत अधिक रहा। पिछले साल मुंबई जोन में 86.08 फीसदी विद्यार्थी पास हुए थे, जबकि इस बार 88.21 फीसदी विद्यार्थी परीक्षा में सफल हुए हैं। हालांकि इस बढ़ोतरी से रैंकिंग सुधारने में मददगार साबित नहीं हुई है।

 

(Photo credit : Ravindra Zende)

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *