मुंबई। अपने शानदार अभिनय से सिनेमाप्रेमियों के दिलों पर राज करनेवाली बॉलिवुड अभिनेत्री श्रीदेवी हमारे बीच नहीं रहीं। श्रीदेवी दुबई में थीं जहां हृदय-गति रुक जाने (कार्डिएक अरेस्ट) की वजह से उनका अचानक निधन हो गया। श्रीदेवी 54 साल की थीं। उन्हें हिंदी फिल्मों की पहली फीमेल सुपरस्टार भी कहा जाता है। साल 2013 में उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया था। अचानक से आई श्रीदेवी की मौत की ख़बर ने सबको सकते में डाल दिया है। पूरा बॉलीवुड सदमें में है।
श्रीदेवी बोनी कपूर के भांजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने के लिए परिवार समेत दुबई में थीं। बताया जा रहा है कि उनका पार्थिव शरीर शाम तक मुंबई लाया जा सकता है। देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीदेवी के निधन पर दुख जताया है। श्रीदेवी के पति बोनी कपूर के छोटे भाई और अभिनेता संजय कपूर ने पुष्टि करते हुए कहा कि घटना रात 11-11.30 बजे की है। संजय कपूर ने बताया कि वह भी दुबई में ही थे और थोड़ी देर पहले भारत लौटे ही थे कि यह खबर आ गई। अब वह फिर से दुबई जा रहे हैं।
श्रीदेवी अपने पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी के साथ मोहित मारवाह के शादी समारोह में शिरकत करने दुबई गई थीं। उनके निधन की खबर सुनकर लोग मुंबई में उनके घर के पास जमा हो रहे हैं। उनकी बड़ी बेटी जाह्नवी यहीं हैं। वह शूटिंग की व्यस्तताओं की वजह से परिवार के साथ दुबई नहीं जा सकी थीं।
![]()












Leave a Reply