पटना। बिहार के बेगूसराय में कार्तिक पूर्णिमा पर्व के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शनिवार की सुबह स्नान-पूजा कर लौट रहे लोगों में भगदड़ मचने से तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मरने वालों में बुजुर्ग महिलाएं हैं। वहीं कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंचे सदर डीएसपी मिथिलेश कुमार ने इस हादसे में तीन महिलाओं की मौत की पुष्टि की है।
घटना के बाद नदी किनारे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग चारों तरफ इधर उधर भागते नजर आए। लोगों में पुलिस, प्रशासन के खिलाफ गुस्सा भी देखने को मिल रहा है। सिमरिया घाट पर पहले से भारी भीड़ थी, ऐसे में इस दुखद घटना ने भीड़ को नियंत्रित करने के प्रशासनिक इंतजाम एवं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया है। सिमरिया घाट पर हर साल की तरह इस बार भी कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर तड़के से ही गंगा स्नान के लिए भारी भीड़ जुटी हुई थी।
![]()












Leave a Reply