रघुवंश वेंटिलेटर सपोर्ट पर एम्स दिल्ली में भर्ती
संतोष कुमार झा/ मुजफ्फरपुर (बिहार)। बिहार के सीनियर लीडर रघुवंश प्रसाद सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। इलाज के लिए उन्हें दिल्ली एम्स (Delhi AIIMS) में एडमिट किया गया है। बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आरजेडी से एक पन्ने का इस्तीफा देकर सुर्खियों में आए दिग्गज नेता रघुवंश प्रसाद सिंह वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं।
सूत्रों की मानें तो 11 सितंबर की देर रात उनकी तबीयत बिगड़ गयी। उनके शरीर में रक्त संचार नहीं होने की शिकायत हो रही थी। फिलहाल, दिल्ली एम्स में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक रघुवंश प्रसाद सिंह पिछले दिनों कोरोना से संक्रमित हो गए थे। सिंह को पटना एम्स में भर्ती कराया गया था। लगभग 20 दिनों बाद उनका कोरोना टेस्ट निगेटिव आया था। पटना एम्स से डिस्चार्ज होने के कुछ दिन बाद एकबार फिर उन्हें सांस लेने में फिर से दिक्कत शुरू हो गई। पटना से वे दिल्ली आ गए और यहां एम्स में भर्ती हो गए।
बीते 10-12 दिनों से सांस लेने में उनको तकलीफ हो रही थी। बाद में निमोनिया भी हो गया। बीती रात 12 से 1 बजे के बीच उनको वेंटिलेटर पर रखा गया। रघुवंश के करीबी हर्ष ने कहा कि डॉक्टरों ने प्रिकॉशनरी वेंटिलेटर पर रखा है। दो दिन और सिंह वेंटिलेटर पर रहेंगे।
357 total views, 1 views today