साभार/ पटना। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पटना के गांधी मैदान में ‘जन आकांक्षा रैली’ को संबोधित करने के लिए पहुंच गए हैं। उनके साथ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस नेता अहमद पटेल भी हैं। पहले लोगों को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि आज परेशानियों के बादल छाए हुए हैं। संविधान और संवैधानिक संस्थाएं डर के साए में हैं। किसान परेशानी में हैं। बेरोजगारी चरम पर है। यह एक संगठित लूट है। मुझे उम्मीद है कि बिहार एक बार फिर इसके खिलाफ खड़ा होगा।
करीब तीस साल बाद गांधी मैदान में कांग्रेस की यह पहली सार्वजनिक सभा है। बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने बताया कि गठबंधन के साझेदारों को इस कार्यक्रम के लिए निमंत्रण भेजा गया है। कांग्रेस पार्टी इस रैली को सफल बनाने के लिए भरपूर कोशिश कर रही है। कांग्रेस बिहार के महागठबंधन का हिस्सा है। इस महागठबंधन में आरजेडी, आरएलएसपी, एचएएम जैसी पार्टियां हैं।
कांग्रेस की ‘जन आकांक्षा रैली’ को लेकर जहां नेता और कार्यकर्ता उत्साहित हैं, वहीं इसमें भाग लेने के लिए लोग एक दिन पहले ही पटना पहुंचने लगे थे। इस रैली को लेकर पटना की सड़कों, गोलंबरों और चौराहों को पोस्टरों और बैनरों से पाट दिया गया है। कांग्रेस के विधायक से लेकर बिहार के कई विपक्षी सांसद इस रैली को सफल करने में जुटे हैं।
![]()













Leave a Reply