आत्मदाह बता रही पुलिस
प्रहरी संवाददाता/ मुजफ्फरपुर (बिहार)। मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur) जिला के हद में रामदयालू नगर के आरडीएस कॉलेज पोस्ट ऑफिस के उप डाकपाल की जलने से मौत हो गयी। मृतक संजय कुमार सिन्हा की कार्यालय में जिंदा जलकर हुई मौत की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैला दिया है। आग इतनी भयावह थी की मौके पर पहुंची पुलिस ने बालू डाल कर आग बुझाई। पुलिस का कहना है कि उप डाकपाल संजय सिन्हा ने आत्मदाह किया है क्योंकि मौके पर एक सुसाइड नोट भी मिला है। हालांकि पुलिस उक्त सुसाइड नोट के छानबीन की बात भी कह रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक सब पोस्ट मास्टर संजय सिन्हा वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र के निवासी थे तथा मुजफ्फरपुर में P&T कॉलोनी में रहते थे। बीते 18 अगस्त को संजय जब अपने कार्यालय पहुंचे तो अकेले थे। अचानक आसपास के लोगों ने कार्यालय में आग जलते देखा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर आग पर काबू पाया।
ऑफिस पहुंचे एक डाक बैंकिंग एजेंट रंजन ने बताया कि संजय की पत्नी ने उसे फोन करके कहा था कि संजय फोन नहीं उठा रहे हैं। जानकारी लेने जब ऑफिस पहुंचा तो पता चला कि जलकर संजय की मौत हो चुकी थी। एजेंट रंजन ने बताया कि 1 महीने की छुट्टी के बाद संजय कार्यालय लौटे थे और अचानक यह घटना हो गई। पुलिस ने पोस्ट ऑफिस के कार्यालय को सील कर दिया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। काजी मोहम्मदपुर थानाध्यक्ष मोहम्मद शुजाउद्दीन ने बताया कि परिजनों को मामले की सूचना दे दी गई है। इस कांड की गहन छानबीन की जा रही है। पुलिस इसे कई एंगल से देख रही है। हालांकि प्रथम दृष्टया आत्महत्या मानकर इसकी जांच की जा रही है।
![]()











