Advertisement

सिकंदरपुर स्टेडियम में होगी डे-नाइट मैच की सुविधा

प्रहरी संवाददाता/ मुजफ्फरपुर (बिहार)। मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur) जिले के खिलाड़ियों को शीघ्र आधुनिक सुविधाओं से लैस मल्टी पर्पस स्पोर्ट्स स्टेडियम का तोहफा मिलने वाला है। जर्जर हो चले सिकंदरपुर स्टेडियम को स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत नए सिरे से तैयार किया जाएगा। इसमें क्रिकेट, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, स्क्वैश खेल के साथ स्विमिंग पूल भी होगा। स्टेडियम में डे-नाइट मैच की सुविधा होगी। इसके लिए चार हाईमास्ट फ्लड लाइट लगाई जाएंगी।

स्टेडियम में छतदार गैलरी, क्रिकेट पिच, छह लेन का एथलेटिक्स ट्रेक होगा। छह लेन का 25 मीटर लंबा स्विमिंग पूल होगा। स्टेडियम के बाहर बहुमंजिला पार्किग भवन, स्टेडियम की सुरक्षा के लिए सुरक्षा केबिन का निर्माण होगा। सीसीटीवी से निगरानी होगी। स्टेडियम में स्कोर बोर्ड, पांच हजार क्षमता की वीआइपी गैलरी, मीडिया सेंटर का भी निर्माण होगा। इस पर 19 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। टेंडर पुरा होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

मुजफ्फरपुर के नगर आयुक्त एवं प्रबंध निदेशक, स्मार्ट सिटी कंपनी मनेश कुमार मीणा ने कहा कि डीपीआर को तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद कार्य को जमीन पर उतारने के लिए टेंडर निकाला गया है। इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य को अंजाम दिया जाएगा। स्टेडियम का निर्माण होने से जिले के खिलाड़ियों को अभ्यास की सुविधा मिलेगी।यहां बड़े मैचों का आयोजन संभव हो सकेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *