अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर नए व्यापारिक स्टॉलों की स्थापना की गई है। रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं रेल राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित करना इसका मुख्य उद्देश्य है। इन प्रयासों से न केवल यात्रियों की सुविधाओं में इजाफा होगा, बल्कि रेलवे की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जाएगी।
रेल मंडल के सोनपुर, हाजीपुर एवं बरौनी स्टेशनों पर खान-पान (कैटरिंग) स्टॉल स्थापित किए गए हैं। इससे यात्रियों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं विविधतापूर्ण भोजन की सुविधा मिलेगी। इन स्टॉलों के माध्यम से रेल राजस्व में ₹83.87 लाख की वार्षिक वृद्धि होने की संभावना है।
वहीं बरौनी, हाजीपुर एवं नवगछिया स्टेशनों पर मल्टी-परपस स्टॉल (बहुउद्देश्यीय स्टॉल) की स्थापना की गई है, जहां यात्रियों को दैनिक उपयोग की वस्तुएं, पत्र-पत्रिकाएं, स्टेशनरी आदि सुविधाजनक दरों पर उपलब्ध होंगी। इन स्टॉलों से रेल मंडल को प्रति वर्ष ₹1.19 करोड़ की अतिरिक्त आय होगी।
सोनपुर रेल मंडल के न्यू बरौनी, मानसी एवं नौगछिया स्टेशनों पर नये मिल्क स्टॉल स्थापित किए गए हैं। इन स्टॉलों से यात्रियों को ताजे एवं गुणवत्तायुक्त दुग्ध उत्पाद उपलब्ध होंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से रेल राजस्व में ₹15 लाख की वार्षिक वृद्धि अनुमानित है।
सोनपुर रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार ने 14 मई को एक भेंट में इन पहलों को यात्रियों की सुविधा एवं रेलवे की आय में बढ़ोतरी की दिशा में एक अहम कदम बताया है। उन्होंने कहा कि, रेलवे स्टेशन अब केवल यात्रा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यवसायिक एवं सेवात्मक गतिविधियों का भी केंद्र बनते जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को लाभ तो होगा ही। साथ ही साथ स्थानीय व्यवसाय को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
सोनपुर रेल मंडल के पीआरआई राम प्रताप सिंह ने उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि उपरोक्त सभी पहलों के माध्यम से सोनपुर मंडल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने तथा रेल राजस्व में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करने की दिशा में सतत प्रयासरत है। आने वाले समय में भी इस प्रकार की योजनाएं क्रियान्वित की जाती रहेंगी, जिससे यात्रियों एवं व्यापारियों दोनों को लाभ पहुंचे।
25 total views, 25 views today