Advertisement

नव निर्माण संघ नेत्र जांच शिविर पर लगा फर्जी होने का आरोप

विजय कुमार साव/गोमियां(बोकारो)। गोमियां प्रखंड (Gomian Block) के हद में नव निर्माण संघ संस्था ने 14 दिसंबर को होसिर पूर्वी पंचायत में लगाया नेत्र जांच शिविर (Eye screening camp)  का आयोजन किया। उसपर तब ग्रहण लगने लगा जब स्थानीय रहिवासियों ने उक्त संस्था पर फर्जी होने का गंभीर आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार नव निर्माण संघ संस्था धनबाद की ओर से 14 दिसंबर को होसिर पूर्वी पंचायत भवन परिसर में नी:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय रहिवासियों ने अपने नेत्र जांच करवाएं। मामला तब बिगड़ा जब बिट्टू प्रसाद एवं अन्य रहिवासियों ने शिविर में जांच कर रहे चिकित्सकों पर फर्जी जांच करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। हो हल्ला बढ़ते देख संस्था के लोगों ने अपने सामान को समेट कर वहां से निकलने का प्रयास किया तो उन्हें रोक दिया गया।
स्थानीय मुखिया राम लखन प्रसाद एवं अन्य बुद्धिजीवियों ने पहल करते हुए हंगामा बढ़ते देख मामले को शांत कराया। इस संबंध में बिट्टू प्रसाद ने आरोप लगाते हुए कहा कि फर्जी तरीके से उक्त संस्था के माध्यम से नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया और इसमें चिकित्सा पदाधिकारी की भी अनुमति नहीं ली गई। बिना अनुमति के शिविर लगाना गलत है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में निजी तौर पर किसी तरह के चिकित्सा शिविर लगाने के लिए जिला पदाधिकारी की अनुमति लेना आवश्यक होता है। स्थानीय स्तर पर भी क्षेत्रीय चिकित्सा पदाधिकारी एवं प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी की भी अनुमति आवश्यक होती है। नवभारत संस्था की ओर से अनुमति नहीं ली गई। जिससे नेत्र जांच शिविर का आयोजन कर रहे संस्था पर सवालिया निशान लगा दिया गया। इस संबंध में स्थानीय मुखिया राम लखन प्रसाद ने कहा कि संस्था के लोगों ने मौखिक रूप से पंचायत भवन परिसर में नेत्र जांच शिविर लगाने की अनुमति मांगी थी। उन्हें जानकारी नहीं था, कि संस्था के लोगों ने आयोजन के लिए चिकित्सा पदाधिकारी की अनुमति नहीं ली है। अगर ज्ञात होता तो इसकी अनुमति नहीं देते।
वही इस संबंध में गोमियां के चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर हेलन बारला ने कहा कि किसी भी संस्था द्वारा चिकित्सा शिविर लगाया जाता है, तो उसके लिए जिला एवं प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी की अनुमति आवश्यक होती है। बिना अनुमति के चिकित्सा शिविर का आयोजन करना गलत है। दूसरी ओर नव भारत निर्माण संघ संस्था के राजेंद्र प्रसाद ने फर्जी तरीके से शिविर लगाने के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उन्होंने इस शिविर के लिए गोमियां उप प्रमुख से अनुमति ली है। जल्द ही गोमिया के चिकित्सा पदाधिकारी से अनुमति ले लेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *