एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में बहुप्रतीक्षित नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) के आर्मी यूनिट की शुरुआत की गयी।
जानकारी के अनुसार उक्त विद्यालय में पहले से ही एनसीसी के नेवल (नौसेना) यूनिट के 50 विद्यार्थी विद्यमान है। बीते 5 जुलाई को हजारीबाग से झारखंड 22 एनसीसी बटालियन के अधिकारी जिसमें सूबेदार अनिल कुमार, नायक सूबेदार सुरेंद्र चंदेल और हवलदार संजीव कुमार डीएवी कथारा पहुंचे। उन्होंने विद्यालय के 50 बच्चों का चयन किया। चयन प्रक्रिया में 14 वर्ष तथा उससे अधिक उम्र के बच्चों को शामिल किया गया है। चयन शारीरिक क्रियाशीलता, दौड़ प्रतियोगिता, अनुशासन के आधार पर किया गया है। इसमें नृत्य, संगीत में पारंगत विद्यार्थियों को भी प्राथमिकता दी गई। बताया गया कि विद्यालय के शारीरिक शिक्षक शिव प्रकाश सिंह को इस यूनिट का सीटीओ नियुक्त किया गया है। एनसीसी अपने कैडेट्स को ए, बी तथा सी सर्टिफिकेट प्रदान करता है।

यह सर्टिफिकेट्स विद्यार्थियों के लिए भविष्य में उपयोगी सिद्ध होते हैं।इससे उन्हें भविष्य में कई तरह की प्राथमिकताएं भी मिलती है, जिनमें सरकारी नियुक्तियाँ, सेना, एनडीए, सीडीएस आदि का चयन प्रमुख है। जानकारी देते हुए विद्यालय के शिक्षक रंजीत कुमार सिंह ने 6 जुलाई को बताया कि विद्यालय में हर सप्ताह एनसीसी की कक्षाएं चलेंगी, जिनका संचालन सीटीओ करेंगे। कहा कि इसके अलावा समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण हेतु कैंप भी लगाया जाएगा, जिसमें चयनित बच्चे अतिरिक्त दक्षता प्राप्त करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ जी.एन. खान ने इस शुरुआत को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि एनसीसी के दो यूनिटों का विद्यालय में होना उनके लिए गर्व की बात है। कहा कि एनसीसी देश भक्ति के साथ-साथ अनुशासन की भी शिक्षा देता है, जो जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चयनित बच्चों को शुभकामना देते हुए आशा जताई कि बच्चे ज्यादा से ज्यादा संख्या में बी और सी सर्टिफिकेट प्राप्त करेंगे। चयनित विद्यार्थी समाज तथा विद्यालय के लिए मिसाल बनकर उन्हें अनुशासन का पाठ पढ़ाएंगे।
प्राचार्य ने हजारीबाग से आए एनसीसी अधिकारियों को भी धन्यवाद ज्ञापित किया तथा आशा व्यक्त की कि वे पूरे मनोयोग से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। कैडेट्स के चयन की प्रक्रिया को सफल बनाने में शारीरिक शिक्षक रंजीत कुमार सिंह, शिव प्रकाश सिंह एवं राहुल कुमार सिंह की विशेष भूमिका रही।
![]()













Leave a Reply