सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में छोटानागरा थाना क्षेत्र के कुदलीबाद से करिया जाने वाली सड़क को नक्सलियों ने एक बार फिर अपनी हिंसक गतिविधि का निशाना बनाया।
ग्रामीण सूत्रों के अनुसार 14 और 15 अक्टूबर की मध्य रात्रि नक्सलियों ने सड़क के बीच लैंडमाइन विस्फोट कर दिया, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया। इस बात की भी चर्चा या अफवाह है कि नक्सली कुदलीबाद में स्थित बीएसएनएल का मोबाइल टावर को भी जला दिया है। साथ हीं कई वाहन भी जलाए गये हैं। लेकिन इन दोनों घटनाओं की कही से कोई भी अधिकारी पुष्टि नहीं किए हैं।
घटना की जानकारी देते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि 15 अक्टूबर की सुबह जब वे इस सड़क से गुजर रहे थे, तो बीच सड़क में एक बड़ा गड्ढा देखा, जो लैंडमाइन विस्फोट से बना था। विस्फोट के कारण इस मार्ग से अब केवल मोटरसाइकिल ही मुश्किल से गुजर सकती है, जबकि किसी भी चार पहिया वाहन या मालवाहक ट्रक का आवागमन पूरी तरह ठप है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से सारंडा वन क्षेत्र में नक्सल गतिविधियां फिर से तेज हो गई हैं।
लगातार हो रहे धमाकों और घटनाओं से ग्रामीण भयभीत हैं और शाम ढलते ही घरों में कैद हो जाते हैं। विस्फोट के बाद कुदलीबाद से करिया जाने वाली सड़क पूरी तरह खंडित हो गई है। ग्रामीण रहिवासियों के अनुसार, इस रास्ते से होकर आसपास के गांवों तक खाद्य सामग्री, दवा और जरूरी सामानों की आपूर्ति होती है। सड़क ध्वस्त होने के कारण अब ग्रामीणों को लंबा रास्ता तय कर दूसरे मार्ग से जाना पर रहा है।ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क मरम्मत और ग्रामीण क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
![]()













Leave a Reply