Advertisement

सारंडा व कोल्हान में नक्सली बंदी बेअसर, दुकानें आम दिनों की तरह खुली

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी द्वारा नक्सली साथी जया की गिरफ्तारी के विरोध में 25 जुलाई को बिहार-झारखंड बंद का आह्वान किया गया था। 24 घंटे का झारखंड-बिहार बंद का पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में चाईबासा, गुवा, बड़ाजामदा, किरीबुरु, मेघाहातुबुरु एवं सारंडा क्षेत्र में कोई असर नहीं पड़ा है।

जानकारी के अनुसार नक्सली बंद के बावजूद क्षेत्र की तमाम दुकानें, स्कूल, बैंक, व्यावसायिक प्रतिष्ठान आदि खुले रहे। कार्यालयों में उपस्थिति आम दिनों की तरह रही।लंबी दूरी की कुछ यात्री बसों को छोड़ अन्य यात्री बसें तथा छोटे वाहनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहा।

ज्ञात हो कि, नक्सलियों के बंद को देखते हुए पुलिस व प्रशासन अलर्ट मोड पर देखा गया। सीआरपीएफ और पुलिस सभी संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त कर रही थी।

उल्लेखनीय है कि झारखंड के धनबाद स्थित एक निजी क्लिनिक (असर्फी हॉस्पिटल) से कैंसर का इलाज कराने के दौरान एक करोड़ रुपये का इनामी नक्सली विवेक की पत्नी सह बिहार-झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी की सदस्य 25 लाख का इनामी जया हेम्ब्रम ऊर्फ जया दीदी सहित शांति कुमारी, डॉ पांडेय और उनके सहयोगी की गिरफ्तारी के विरोध में भाकपा (माओवादी) बिहार-झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी के प्रवक्ता आजाद ने बीते 17 जुलाई को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर 25 जुलाई को झारखंड-बिहार बंद कि घोषणा की थी।

बताया जाता है कि इस बंद के बाद आगामी 28 जुलाई से 3 अगस्त तक नक्सलियों ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शहीदी सप्ताह मनाने का ऐलान किया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *