सीएमडी, निदेशकगण व् समाचार पत्र के कार्यकारी अध्यक्ष ने रथ को दिखाई हरी झंडी
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। कोल इंडिया की अनुशंगी सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) और झारखंड की राजधानी रांची से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संयुक्त पहल से समाज को नशे की बुराई से मुक्त करने में जागरूकता के उद्देश्य से 11 मार्च को नवचेतना अभियान की शुरुआत की गई।
सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना, युवाओं को इसके दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना तथा एक स्वस्थ एवं नशामुक्त वातावरण के निर्माण के लिए आमजनों को प्रेरित करना है।
इस अवसर पर सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा, समाचार पत्र के कार्यकारी निदेशक आर. के. दत्ता, उपाध्यक्ष विजय बहादूर एवं सीनियर रेजिडेंट एडिटर विजय पाठक ने हरी झंडी दिखाकर नवचेतना रथ को रवाना किया। यह रथ झारखंड के विभिन्न गांवों में जाकर नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का कार्य करेगा।
शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि समाज को नशे की बुराई से मुक्त करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा किसी भी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि एक गलत और घातक रास्ता है। हमारी संस्कृति और परंपरा में नशे का कहीं कोई स्थान नहीं है, इसलिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर इस बुराई के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।
आर. के. दत्ता ने कहा कि सीसीएल के साथ नशे के खिलाफ शुरू किया गया नवचेतना अभियान एक सराहनीय पहल है। सीसीएल के साथ मिलकर शुरू किया गया यह प्रयास निश्चित रूप से समाज में जागरूकता फैलाने और युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सीसीएल के सीसी एंड पीआर विभाग के विभागाध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के अंतर्गत सीसीएल नशे से प्रभावित गांवों में विशेष जागरूकता शिविर, मेडिकल कैंप आयोजित करेगी। इसके साथ ही स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कहा कि पॉडकास्ट के माध्यम से विशेषज्ञों द्वारा नशापान की बुराइयों तथा इसे छोड़ने के उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। पेंटिंग प्रतियोगिता जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे जागरूकता फैल सके। निश्चित हीं सीसीएल और समाचार ग्रुप द्वारा शुरू किया गया यह अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जो आमजनों को जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में सीसीएल के विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस अवसर पर सीएमडी ने नशे के विरुद्ध सभी को शपथ दिलाई और उपस्थित जनों, विशेषकर महिलाओं से नशे के खिलाफ इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कहा गया कि सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह के नेतृत्व में सीसीएल अपने कोयला खनन के साथ-साथ सीएसआर, कल्याण, खेल एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से श्रमिकों, ग्रामीणों एवं हितधारकों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
![]()













Leave a Reply