Advertisement

देशव्यापी स्वास्थ्य अभियान स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार की शुरुआत

अभियान में महिला फाइलेरिया मरीजों पर विशेष फोकस

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। देश में लिम्फेटिक फाइलेरिया से जूझ रहीं महिलाओं को अब स्वास्थ्य सेवाओं की मुख्यधारा में लाने के लिए केंद्र सरकार विशेष अभियान चला रही है। स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत इन मरीजों को न सिर्फ जांच और परामर्श मिलेगा, बल्कि उनकी जीवन गुणवत्ता सुधारने के लिए स्व-देखभाल पर भी जोर दिया जाएगा।

महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवार की सशक्त भूमिका को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार ने देशव्यापी स्वास्थ्य अभियान स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान बीते 17 सितंबर से आगामी 2 अक्तूबर तक चलेगा। इसके तहत खासतौर पर लिम्फेटिक फाइलेरिया से पीड़ित महिला मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने पर बल दिया गया है।

सारण के सिविल सर्जन डॉ सागर दुलाल सिन्हा ने 22 सितंबर को जिला मुख्यालय छपरा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में कहा कि उपरोक्त अभियान के माध्यम से न केवल बीमारियों की पहचान और उपचार होगा, बल्कि महिलाओं को स्वयं देखभाल, स्वच्छता और नियमित जांच की आदत विकसित करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि फाइलेरिया जैसी बीमारियों से पीड़ित महिलाओं को समय पर सही देखभाल मिले, तो उनके जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार किया जा सकता है।

बताया गया कि फाइलेरिया एक दीर्घकालिक (क्रोनिक) रोग है। फाइलेरिया से ग्रसित कई महिलाओं को उच्च रक्तचाप, डायबिटीज़ और एनीमिया जैसी अन्य बीमारियों का भी सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह अभियान इन महिलाओं को व्यापक स्वास्थ्य जांच और परामर्श उपलब्ध कराने का एक सशक्त अवसर बनेगा। उन्होंने बताया कि नेशनल सेंटर फॉर वेक्टर बॉर्न डिजीज कंट्रोल के निदेशक डॉ तनु जैन ने पत्र जारी कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया है।

ज्ञात हो कि उक्त अभियान के तहत सारण जिला के विभिन्न प्रखंड क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। ये शिविर आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और अन्य नामित संस्थानों में आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में महिला फाइलेरिया मरीजों के लिए निम्नलिखित गतिविधियां यथा डायबिटीज़ और हाई ब्लड प्रेशर की स्क्रीनिंग, एनीमिया जांच और स्वयं-स्वच्छता एवं स्वयं-देखभाल पर परामर्श, एमएमडीपी स्व-देखभाल अभ्यास का प्रदर्शन, मरीजों को किट का वितरण, जरूरतमंद मरीजों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर रेफर किया जाएगा।

नेशनल सेंटर फॉर वेक्टर बॉर्न डिजीज कंट्रोल ने महिला फाइलेरिया मरीजों को इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में लाने के लिए सक्रिय सहयोग देने की अपील की है। साथ ही, यह भी अपेक्षा की गई है कि एनसीडी, आयुष और पोषण विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें। शिविरों में लाभान्वित हुई महिला फाइलेरिया मरीजों की लाइन लिस्ट सहित रिपोर्ट साझा करें। सभी लाभार्थियों का आभा आईडी सुनिश्चित करें, ताकि उनका स्वास्थ्य रिकॉर्ड डिजिटल रूप से दर्ज हो सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *