Advertisement

फुसरो में राष्ट्रीय तेली साहू महागठबंधन प्रदेश कार्यसमिति की बैठक संपन्न

बैठक में शिक्षा, एकजुटता और सामाजिक सशक्तिकरण पर मंथन

एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। राष्ट्रीय तेली साहू महागठबंधन प्रदेश कार्यसमिति की एक दिवसीय बैठक 2 नवंबर को बोकारो जिला के हद में फुसरो स्थित होटल सैफरोन सह बेरमो किचन रेस्टोरेंट में आयोजित किया गया।

बैठक में झारखंड और बिहार के जिलों से पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को संगठित कर उसकी सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक प्रगति की दिशा में ठोस रणनीति तैयार करना था।
बैठक की शुरुआत समाज के संस्थापक भामाशाह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद, बिहार प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साव, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार निलेश, वरिष्ठ समाजसेवी भुनेश्वर साव, बोकारो जिला परिषद अध्यक्ष सुनिता देवी तथा बोकारो जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर सभी अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि तेली-साहू समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। समाज द्वारा व्यापार, शिक्षा और सेवा के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी रहा है, लेकिन आज जरूरत है कि हम एक बार फिर संगठित होकर अपने अधिकार और सम्मान की रक्षा करें।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज को मजबूत नींव देती है, इसलिए हर परिवार को बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा जब हर स्तर पर संवाद और सहयोग बढ़ेगा। उन्होंने समाज के युवाओं से अपील की कि वे राजनीति, प्रशासन और व्यापार के क्षेत्र में अपनी भूमिका निभाएं और समाज का नाम रौशन करें।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शिक्षा सहायता कोष, महिला स्व-सहायता समूह और युवा प्रोत्साहन कार्यक्रम जैसे सामाजिक अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी एक वर्ग या व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक प्रगति इसका मूल लक्ष्य है।

प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार निलेश, बिहार प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साहू, जिप अध्यक्ष बोकारो सुनिता देवी ने कहा कि महिलाओं को संगठन में अधिक से अधिक जिम्मेदारी दी जानी चाहिए, ताकि समाज की आधी आबादी भी नेतृत्व में आगे आ सके। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा, स्वावलंबन और सामाजिक भागीदारी पर विशेष जोर दिया। कहा कि समाज के हर वर्ग को जोड़ना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि यदि समाज के व्यापारी, किसान, मजदूर और शिक्षित वर्ग एकजुट होकर कार्य करें तो तेली-साहू समाज देश में एक सशक्त पहचान बना सकता है।

बैठक में बोकारो जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता ने संगठन के विस्तार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर समाज को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी उपस्थित अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में समाज की एकजुटता को और मजबूत करने के लिए कई जन-जागरण अभियान चलाए जाएंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *