Advertisement

डीएवी कथारा में ऊर्जा संरक्षण पर राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बच्चों में कौशल विकास को लेकर बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा में विद्युत मंत्रालय (भारत सरकार) द्वारा 16 अक्टूबर को चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उक्त प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड राज्य में दामोदर घाटी निगम द्वारा किया जा रहा है।

इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों को ऊर्जा दक्षता एवं ऊर्जा संरक्षण के विषय में जागरूक करना है। यहां समूह ‘ए’ में कक्षा पांचवी, छठी एवं सातवीं के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि समूह ‘बी’ में आठवीं, नौवीं और दसवीं के विद्यार्थी सम्मिलित हुए। प्रतियोगिता का विषय ऊर्जा बचाएं, पृथ्वी बचाएं था।

जानकारी देते हुए डीएवी कथारा के शिक्षक रंजीत कुमार सिंह तथा बी के दसौंधी ने बताया कि इस प्रतियोगिता का आयोजन तीन स्तरों पर किया जाएगा। विद्यालय, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता का परिणाम प्रकाशित किया जाएगा। बताया गया कि इस प्रतियोगिता के लिए 2 घंटे का समय निर्धारित किया गया। प्रत्येक विद्यालय से दोनों समूहों के दो – दो सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया जाएगा। यह चुनाव विद्यालय के प्राचार्य के नेतृत्व में होगा। बताया गया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सफल चित्र ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भेजे जाएंगे। बच्चों ने बहुत बढ़-चढ़कर इस चित्रकला प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन -आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान ने दोनों समूह की चित्रकला प्रतियोगिता का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा किया जा रहा यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। कहा कि वर्तमान समय में देश को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है।

हमें बहुत सोच समझकर ऊर्जा के साधनों का उपयोग करना चाहिए और इसके अन्य विकल्पों की भी खोज करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि हमने ऐसा किया तभी हम इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन पाएंगे। विद्यालय स्तरीय इस चित्रकला प्रतियोगिता को सफल बनाने में कला शिक्षकों संजय कुमार महतो, रिया सरकार एवं प्रेम कुमार तिवारी की विशेष भूमिका रही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *